[ad_1]

ग्वालियर, 25 जनवरी (हि.स.)। पूर्व डीजीपी की नातिन की गोली मारकर हत्या करने वाले 3 बाल अपचारी सहित 6 बाल अपचारी बाल संप्रेषण ग्रह से फरार हो गए हैं। उन्होंने पहले रसोईये को फिर गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मी को धक्का दिया और भाग निकले। इन छह बाल अपचारियों में 3 बहुचर्चित अक्षरा हत्याकांड में शामिल थे। एक सिरोल इलाके में हुए रेप के मामले में और दो अन्य मामलों में आरोपी हैं। बाल अपचारी के फरार होने की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शहरभर में नाकाबंदी कर उन्हें तलाश किया, लेकिन कुछ पता नहीं चला। उधर, अक्षरा हत्याकांड में मुख्य गवाह के घर पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हालांकि भागे तो 7 थे, लेकिन एक बाल कैदी को खुद ही परिजन संप्रेक्षण गृह लेकर पहुंचे और पुलिस को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार माधौगंज थाना क्षेत्र के बेटी बचाओ चौराहे पर पूर्व डीजीपी सुरेन्द्र सिंह यादव की नातिन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारे अक्षरा की सहेली सोनाली की हत्या करना चाहते थे। लेकिन टारगेट अक्षरा बन गई। गोली लगने से उसकी घटना स्थल पर मौत हो गई थी और पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जिसमें तीन बाल अपचारी होने पर उन्हें बाल संप्रेषण गृह में भेजा गया था। गुरूवार की सुबह करीब 9 बजे नहाने का समय आया तो रसोईया इन्हें नहाने के लिए गर्म पानी दे रहा था। तभी यह बाल अपचारी आए और रसोइये को रसोई में बंद किया और भाग निकले। बाहर मुख्य गेट पर होमगार्ड सैनिक टीकाराम मौजूद था। उसने रोका तो उसे धक्का देकर गिरा दिया और भाग गए। जिसके बाद रसोइये ने बाल अपाचारियों के फरार हो जाने की सूचना बाल संप्रेषण गृह के अधीक्षक पवन तिवारी और पुलिस थाना विश्वविद्यालय को दी। बाल संप्रेषण ग्रह के अधीक्षक ने थाटीपुर थाने पुलिस में शिकायत की।
यह था पूरा मामला: 11 सितंबर 2023 को सिकंदर कंपू के रहने वाले शैलेन्द्र सिंह यादव की इकलौती बेटी 17 साल की अक्षया अपनी सहेली सोनाक्षी के साथ लक्ष्मीबाई कॉलोनी में कोचिंग से लौट रही थी। दोनों छात्राएं स्कूटी पर थी, जिसमें से अक्षरा स्कूटी चला रही थी। इसी बीच जब छात्राएं बेटी बचाओ चौराहे पर पहुंची और तिलक नगर की तरफ मुड़ी, तभी पीछे से बाइक से सुमित नाम का युवक अपने दो साथियों के साथ आया और गोलियां चला दीं। गोली अक्षरा को लगी और वो वहीं पर गिर गई। जिसे बाद में अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद