[ad_1]


मेरठ, 19 जनवरी (हि.स.)। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के कला संकायाध्यक्ष प्रो. संजीव शर्मा ने कहा कि भगवान श्रीराम मानवीय आदर्शों के प्रतीक हैं। वे धर्म और संस्कृति की अमूल्य धरौहर हैं। प्रत्येक देशवासी आज प्रभु श्रीराम को याद कर रहा है।
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के ललित कला विभाग में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शाें व उनके जीवन मूल्यों पर आधारित ’श्रीराम उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में विभाग के कलाकारों द्वारा श्रीराम की चित्रकारी की गई है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
ललित कला विभाग की समन्वय प्रो. अलका तिवारी ने बताया कि 27 दिसंबर से निरंतर रामायण के पात्रों श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता, सुग्रीव, जटायु, हनुमान, अहिल्या, निषाद राज, बेर खिलाती हुई शबरी का जीवंत चित्रण पत्थर, कैनवस, कपड़े, कागज, पटकों पर किया जा रहा है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला और कुलसचिव धीरेंद्र वर्मा इनकी भूरि-भूरि प्रशंसा कर रहे हैं।
शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में कला संकाय अध्यक्ष व निदेशक एकेडमिक प्रो. संजीव शर्मा ने कहा कि कलाकार रामायण की चौपाइयों पर भी चित्रकारी करें। विभाग के कलाकारों के लिए यह असंभव नहीं है। विश्वविद्यालय में राम उत्सव के इतने सुंदर आयोजन के लिए यह बधाई के पात्र हैं।
इस अवसर पर प्रो. मृदुल गुप्ता, डीएसडब्ल्यू प्रोफेसर भूपेंद्र राणा, वित्त अधिकारी रमेश चंद, प्रो. हरे कृष्ण, प्रो. संजय कुमार, प्रो. अल्पना, डॉ. प्रदीप चौधरी, प्रो. प्रशांत, मितेंद्र गुप्ता, मनीष मिश्रा, सलोनी त्यागी आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/राजेश