[ad_1]

चंडीगढ़, 1 फरवरी (हि.स.)। पंजाब पुलिस ने सोशल मीडिया एक्टिविस्ट भाना सिद्धू के समर्थन में रेल रोकने जा रहे संगरूर के लोकसभा सांसद सिमरनजीत सिंह मान व उनके समर्थकों को फतेहगढ़ साहिब में हाउस अरेस्ट कर लिया गया है। मान ने भाना सिद्धू की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को पंजाब के संगरूर में आंदोलन करने का ऐलान किया था।
गुरुवार को शिरोमणि अकाली दल अमृतसर के अध्यक्ष एवं सांसद सिमरनजीत सिंह मान की चेतावनी को देखते हुए पुलिस ने सुबह करीब दस बजे मान और उनके समर्थकों को उस समय घर में नजरबंद कर दिया, जब वह रेल रोकने के लिए धरना स्थल पर जाने के लिए फतेहगढ़ साहिब के किला हरनाम सिंह नगर में स्थित आवास पर एकत्र हुए थे। उनके आवास के बाहर और आसपास पुलिस फोर्स तैनात कर इलाके को छावनी में बदल दिया गया। किसी को अंदर जाने और बाहर आने की इजाजत नहीं दी गई।
इस हाउस अरेस्ट के विरोध में सांसद के निजी सचिव इकबाल सिंह ने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को अंदर ही बंद कर दिया है। सरकार आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। भाना सिद्धू राज्य सरकार के खिलाफ पोस्ट करने के बाद चर्चा में आया था। एक महिला ट्रेवल एजेंट की शिकायत पर 20 जनवरी को भाना सिद्धू को गिरफ्तार कर लिया गया। इस केस में सिद्धू को जैसे ही जमानत मिली तो उसे एक और केस में गिरफ्तार कर लिया गया।
उल्लेखनीय है कि सोशल वर्कर व ब्लॉगर भाना सिद्धू की गिरफ्तारी के विरोध में सांसद मान ने 1 फरवरी से धूरी में रेल रोको आंदोलन का ऐलान किया था।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील