[ad_1]

– गोली चलाने एवं धक्का-मुक्की का भी लगा आरोप
– मौके पर पहुंची पुलिस, संत शिवशरण ने किया अंतिम संस्कार
मुरैना, 14 फरवरी (हि.स.)। शहर के बीचों बीच स्थित गुफा मंदिर के महंत श्रीश्री 1008 मिथिलेश किशोरी शरण महाराज का बुधवार को निधन हो गया था। गुरुवार की सुबह उनका अंतिम संस्कार होने के लिए जब शव यात्रा जा रही थी तब मंदिर के द्वार पर ही संत एवं कुछ अन्य लोगों के बीच अंतिम संस्कार करने के लिए झगड़ा होने लगा एवं हाथापाई तक हो गई। बताया जाता है कि वहां गोली भी चलाई गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा अपनी उपस्थिति में संत का अंतिम संस्कार कराया।
बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह गुफा मंदिर से महाराज मिथिलेश किशोरी शरण की शव यात्रा वहां से लक्ष्मण तलैया स्थित स्थान पर पहुंची, लेकिन इससे पूर्व ही गुफा मंदिर से जब अंतिम यात्रा शुरू ही हुई थी उसी समय मटकी लेकर युवा संत निकला तो कुछ अन्य संत एवं कुछ युवकों ने झगड़ा शुरू कर दिया और अंतिम संस्कार करने के लिए जिद करने लगे। सूचना पाकर सिटी कोतवाल सुनील खेमरिया पुलिस बल के साथ मौके पर आ गए और पुलिस को देखकर झगड़ा कर रहे लोग वहां से निकल गए। इस दौरान कुछ अन्य साधु संतों से थाना प्रभारी ने चर्चा की और पूछा कि आप किससे अंतिम संस्कार कराना चाहते हैं, तब उन्होंने शिवशरण नामक संत का नाम लिया।
थाना प्रभारी ने कहा कि आपने जब तय कर लिया है तो अंतिम संस्कार कीजिए, हम खड़े हुए हैं, कोई भी व्यवधान नहीं होगा। इसके पश्चात पुलिस की उपस्थिति में लक्ष्मण तलैया स्थित सिद्ध स्थान पर गुफा मंदिर महंत का अंतिम संस्कार किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद/मुकेश