[ad_1]

चेन्नई, 20 फरवरी (हि.स.)। चेन्नई ब्लिट्ज ने मंगलवार को जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में खेले गए ए23 द्वारा संचालित रूपे प्राइम वॉलीबॉल लीग के तीसरे सीजन के नौवें मुकाबले में कोच्चि ब्लू स्पाइकर्स को 15-10, 15-12, 16-14 से हराकर अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। चेन्नई ब्लिट्ज के जीएस अखिन को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड से नवाजा गया।
मुकाबले की शुरुआत में अभिनव ने कोच्चि ब्लू स्पाइकर्स के लिए शानदार शुरुआत की और स्पाइक से एक अंक हासिल कर लिया। इसके बाद उन्होंने बेहतरीन ब्लॉक से भी अपनी टीम को अंक दिला दिया। अभिनव के अलावा अमन कुमार ने सर्विस लाइन से अटैकिंग खेल की बदौलत चेन्नई ब्लिट्ज को बैकफुट पर धकेल दिया। लेकिन दिलीप कुमार ने फिर सर्विस लाइन से आक्रामक खेल के सहारे मेजबान चेन्नई ब्लिट्ज को मुकाबले में वापस ला दिया। इसके बाद लिएंड्रो जोस के शानदार खेल ने चेन्नई ब्लिट्ज की टीम को मुकाबले में बनाए रखा।
उधर जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता गया, कोच्चि ब्लू स्पाइकर्स का डिफेंस लड़खड़ाने लगा और टीम मुकाबले में पीछे होती चली गई। इसी बीच, रमन कुमार और लिएंड्रो के लगातार ओवरहीट शॉट्स ने कोच्चि ब्लू स्पाइकर्स के लिए वापसी के दरवाजे खोल दिए। लेकिन अखिन का दबदबा कायम था और उसने कोच्चि ब्लू स्पाइकर्स की वापसी की संभावनाओं को खत्म कर दिया। सर्विस लाइन पर गलतियों के कारण कोच्चि ब्लू स्पाइकर्स की टीम उपहार में चेन्नई ब्लिट्ज को प्वॉइंट देती रही और मेजबान टीम ने अपना दबदबा कायम कर लिया।
कोच्चि के लिबेरो रथीश आज के मुकाबले में अपने बेस्ट फॉर्म में थे और उन्होंने कोर्ट पर इसे साबित भी करके दिखाया। रथीश ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर कई मौकों पर अपनी टीम को पीछे होने से बचाया। इसी बीच, एरिन की आक्रामक सर्विस ने चेन्नई के लिए मुसीबत खड़ी करनी शुरू कर दी। लेकिन चेन्नई ब्लिट्ज के कोच दक्षिणामूर्ति ने सही समय पर सुपर प्वाइंट लेने का फैसला कर लिया और उनकी यह रणनीति मेजबान टीम के लिए कारगर साबित हुई। चेन्नई ब्लिट्ज ने इसके बाद सीधे सेटों में एक बड़ी जीत हासिल हासिल कर ली। मेजबान टीम की इस जीत में लिएंड्रो और दिलिप का ब्लॉक में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।
पहले दो सीजन की शानदार सफलता के बाद, A23 द्वारा संचालित ‘असली एंटरटेनर’ रूपे प्राइम वॉलीबॉल लीग का तीसरा सीजन सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर पांच भाषाओं- अंग्रेजी, हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में प्रसारित किया जाएगा। फैंस A23 द्वारा संचालित रूपे प्राइम वॉलीबॉल लीग के एक और रोमांचक सीजन की उम्मीद कर सकते हैं और 15 फरवरी 2024 से शाम 6:30 बजे से वॉलीबॉल कोर्ट पर शीर्ष स्तरीय टीमों के बीच मुकाबलों का अनुभव ले सकते हैं। A23 द्वारा संचालित रूपे प्राइम वॉलीबॉल लीग के मैचों का सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव आनंद ले सकते हैं। सोनी लिव पर लीग का लाइव स्ट्रीम किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/आकाश/प्रभात