[ad_1]

धर्मशाला, 23 जनवरी (हि.स.)। नगरोटा विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन निगम के अध्यक्ष कैबिनेट रेंक आरएस बाली ने नगरोटा में विकास कार्यों के उद्घाटन वरिष्ठ नागरिकों के हाथों से करवाने की नई रिवायत आरंभ की है। मंगलवार को नगरोटा विस क्षेत्र के जन्दराह पंचायत के अंतर्गत खबल खोली में गांव के बुजुर्गों जिनमें प्यार चंद, कौशल्या देवी और अन्य से नवनिर्मित रेन शेल्टर का उद्घाटन अपनी मौजूदगी में करवाया। इससे पहले सितंबर माह में भी नगरोटा विस क्षेत्र में पांच लाख की लागत से भरोबड़ चैक के सौंदर्यीकरण कार्य का उद्घाटन आरएस बाली ने वरिष्ठ नागरिकों से करवाया था।
इस अवसर पर बाली ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में विकास के लिए वरिष्ठ जनों तथा बुजुर्गों का सम्मान और आशीर्वाद जरूरी होता हैै इसी के मध्येनजर नगरोटा विस क्षेत्र में ग्रामीण स्तर पर विकास कार्यों के उद्घाटन कार्यक्रमों में वरिष्ठ नागरिकों को विशिष्ट अतिथि के तौर पर आमंत्रित किया जाएगा।
पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा विस क्षेत्र के विभिन्न चैकों के सौंदर्यीकरण के लिए कारगर कदम उठाए जाएंगे इसके साथ ही मुख्य चैराहों पर रेन शेल्टर बनाए जाएंगे साथ में लाइट और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे जिन्हें पुलिस कंट्रोल रूम के साथ जोड़ा जाएगा।
उन्होंने कहा कि नगरोटा को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए भी कार्य योजना तैयार की गई है। इसमें नगरोटा बगवां में पर्यटन निगम का होटल भी खोला जाएगा तथा देश का सबसे बड़ा फाउंटेन भी नगरोटा में स्थापित होगा। इसके साथ ही विभिन्न जगहों पर चिल्ड्रन पार्क निर्मित किए जाएंगे जिसमें बच्चे तथा बुजुर्ग सुबह तथा शाम अपना समय व्यतीत कर सकें।
हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र
/सुनील