[ad_1]

-पोरबंदर सीट से लड़ना चाहते थे लोकसभा चुनाव
पोरबंदर, 7 मार्च (हि.स.)। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के बाद अब आम आदमी पार्टी (आआपा) को अपना घर संभालना मुश्किल हो गया है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष नाथाभाई ओडेदरा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। पार्टी पर गलत ढंग से दबाव देने का भी उन्होंने आरोप लगाया है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के गठबंधन होने से पोरबंदर लोकसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार के चुनाव लड़ने की घोषणा से ओडेदरा नाराज चल रहे थे।
आआपा के वरिष्ठ नेता नाथाभाई ओडेदरा के पार्टी छोड़ने के कारण पार्टी को सौराष्ट्र क्षेत्र में बड़ा झटका लगा है। गुजरात विधानसभा के वर्ष 2022 में हुए चुनाव में आआपा को कुल 5 सीटों में से 4 सौराष्ट्र से मिले थे। हालांकि इसके बाद एक विधायक भूपत भायाणी ने इस्तीफा दे दिया था। इससे आआपा के कुल 4 विधायक ही बचे हैं।
अब संगठन से भी नेताओं के पद छोड़ने का सिलसिला शुरू हो गया है। इससे पहले कांग्रेस के कई नेता भाजपा में शामिल हो चुके हैं। बताया गया कि ओडेदरा किसी भी समय कांग्रेस से जुड़ जाएंगे। उन्होंने पोरबंदर से विधानसभा उप चुनाव में लड़ने की मंशा प्रकट की है। इस सीट के विधायक कांग्रेस के अर्जुन मोढवाडिया ने पिछले दिनों विधानसभा की इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली थी।
हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/संजीव