[ad_1]




-आरोपित की तलाश में पुलिस की तीन टीमों का गठन
मुरादाबाद, 31 जनवरी (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना कटघर क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में मंगलवार रात्रि में किसान अन्नू यादव (30 वर्ष) की सीने में गोली मारकर हुई हत्या के आरोप में बुधवार को थाना पुलिस ने उसके चचेरे भाई आरोपित रॉकी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपित रॉकी की तलाश में पुलिस की तीन टीमों का गठन कर दिया गया हैं और उसकी तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि अन्नू का मझले भाई अंकुश से विवाद होने पर रॉकी बीच बचाव करने पहुंचा था। सगे भाइयों ने आपसी विवाद बताकर दखल देने से रोका तो रॉकी ने मौका मिलते ही अन्नू की जान ले ली।
अन्नू यादव के सबसे छोटे भाई विनय ने बताया कि अन्नू और अंकुश के बीच एक दिन पूर्व सोमवार को रात्रि में विवाद हुआ था। चचेरे भाई राकी ने इसमें दखल दिया तो अन्नू ने उसे डांटकर भगा दिया। मंगलवार सुबह अन्नू खेत पर पहुंचा तो रॉकी भी एक साथी को लेकर वहां आ गया। खेत पर उसने अन्नू के गाल पर थप्पड़ मारे और फिर वापस चला गया। अन्नू की पत्नी रचना ने बताया कि मंगलवार की रात्रि 8-9 बजे के दौरान शराब के नशे में पड़ोस में रहने वाला चचेरा देवर रॉकी उनके घर में घुस आया और गाली-गलौज करने लगा। जिस पर अन्नू ने उससे कहा कि अंकुश से विवाद उसका आपस का मामला है । तू बीच में क्यों आ रहा है। इसके बाद रॉकी घर से बाहर निकल गया और दरवाजे पर खड़ा होकर काफी देर तक गालियां देता रहा। उसके हाथ में तमंचा भी था, वह बार-बार अन्नू को घर से बाहर निकलने की धमकी दे रहा था। लेकिन अन्नू और उसके घरवालों ने रॉकी को कोई जवाब नहीं दिया। रचना ने बताया कि कुछ देर बाद अन्नू घर के बाहर बंधे बैलों को बांधने लगा तो अचानक रॉकी अन्नू के पास आ गया तो उसने तमंचे से अन्नू के सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी और भाग गया।
मामले में पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई आरोपित रॉकी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और आरोपित राॅकी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की तीन टीमों का गठन किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/निमित जायसवाल /सियाराम