[ad_1]
पलामू, 23 मार्च (हि.स.)। लोकसभा चुनाव 2024 को शांतिपूर्ण, स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त संपन्न कराने के लिए सभी जिलों के जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन आपसी समन्वय से कार्य-योजना तैयार कर समयबद्धता के साथ कार्य करें। भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा सभी स्तरों पर जिम्मेवारियां तय की गईं हैं जिनके शतशः अनुपालन की अपेक्षा की गई है। तदनुसार कार्य किये जाने से निश्चय ही बेहतर परिणाम सामने आएंगे। उक्त बातें झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कही।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी शनिवार को पलामू प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर के समाहरणालय सभागार में पलामू, गढ़वा, लातेहार एवं चतरा जिले के जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ लोकसभा निर्वाचन -2024 की तैयारी एवं चुनाव प्रबंधन की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने चतरा जिले के पुलिस अधीक्षक को अपने क्षेत्र के नामजद आरोपितों को अभियान चलाकर गिरफ्तार करने, प्रतिबंधित नशीले पदार्थों एवं अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई कर हजारीबाग में आयोजित अगली समीक्षा बैठक में प्रतिवेदन समर्पित करने का निदेश दिया। 27 मार्च तक सभी मतदान केन्द्रों पर सभी न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निदेश दिया।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया पोस्टों पर गहनता से ध्यान रखे जाने की जरूरत है। उन्होंने सोशल मीडिया सेल, कंट्रोल रूम, यातायात प्रबंधन, संसाधन प्रबंधन, पोस्टल बैलेट, प्रशिक्षण, एमसीएमसी सहित अन्य कोषांगों को सक्रिय रखने का निदेश दिया।
जिलों के सभी चेक पोस्ट को सक्रिय करते हुए सख्ती बरतें। पर्याप्त बल एवं दंडाधिकारी की नियुक्ति कर सघन जांच अभियान चलाकर अवैध शराब एवं शस्त्र की आवाजाही पर पूर्णतया रोक लगाने तथा सभी चेकपोस्टों पर औचक निरीक्षण करने एवं उनके कार्यान्वयन पर निगरानी रखने का निदेश दिया।
राज्य पुलिस नोडल पदाधिकारी ए.वी.होमकर ने जिलों के चिन्हित संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर कड़ी निगरानी रखते हुए जरूरी व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निदेश दिया। संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में सीआरपीएफ एवं पुलिस बलों की तैनाती का आकलन करते हुए शून्य रिस्क प्रिंसिपल पर कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मतदान कराने के साथ-साथ ईवीएम, मतदाता एवं पोलिंग पार्टी की सुरक्षा पहली प्राथमिकता है। दुरूह क्षेत्र के मतदान केन्द्रों एवं कलस्टर पर पोलिंग पार्टी एवं आवश्यक सेवाओं के लिए आवागमन की व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। उन्होंने डिस्पैच सेंटर से कलस्टर एवं स्ट्रांग रूम से मतदान केन्द्र तक की व्यवस्था का बिंदुवार विश्लेषण करने सहित निर्वाचन कार्य में विधि व्यवस्था संधारण से संबंधित सभी दिशा निर्देशों का सख्ती से अनुपालन करने का निदेश दिया।
बैठक में मतदान दिवस के दिन मतदान केन्द्रों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने के निदेश दिए गये। जिन मतदान केन्द्रों पर पेयजल की समस्या है, वहां टैंकर से एवं स्टोरेज कर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निदेश दिया, ताकि मतदाताओं को सहुलियत हो। साथ ही शौचालय को क्रियाशील बनाने के निदेश दिए गये।
हिन्दुस्थान समाचार/दिलीप