[ad_1]

रतलाम, 20 जनवरी (हि.स.)।अयोध्या धाम में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में रतलाम के श्री मेहंदीकुई बालाजी मंदिर में सवा करोड़ ‘‘श्री राम जय राम जय जय राम’’ महामंत्र का जाप 22 दिसंबर से अनवरत चल रहा है। इसमें प्रतिदिन साढ़े पांच लाख से अधिक जाप हो रहे है। अब तक सवा करोड़ जाप के संकल्प को सिद्ध करते हुए पांच करोड़ से अधिक जाप पूर्ण हो गए हैं। मंदिर परिसर में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर 22 जनवरी को प्रातः 9 बजे जाप संकल्प की हवन के साथ पूर्णाहूति होगी। इसके बाद महाआरती कर प्रसादी वितरण किया जाएगा।
श्री मेहंदी कुई बालाजी जन कल्याण न्यास के तत्वावधान में आयोजित इस महा अनुष्ठान में शहर के सभी भक्त अलग-अलग माला हाथ में लेकर महामंत्र का जाप कर रहे है। इनमें महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सभी उत्साह से शामिल हो रहे है। 250 से अधिक भक्तों ने सवा लाख जाप पूर्ण किए है। मंदिर परिसर में जाप का आयोजन प्रातः 7 बजे से आरंभ होता है और रात्रि 11 बजे तक अनवरत चल रहा है। न्यास द्वारा श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के उपलक्ष्य में 21 जनवरी को प्रातः 6 बजे भव्य प्रभात फेरी निकाली जाएगी। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान हवन, आरती, श्रृंगार दर्शन के बाद दोपहर 1 बजे महा आरती की जाएगी एवं भक्तों में प्रसादी का वितरण किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार/शरदजोशी