[ad_1]


-राम दरस बस सब नर नारी… बही आस्था की अविरल धारा
-रामभक्तों ने खींचा रथ, लगे जय श्रीराम के नारे
-शोभा यात्रा के स्वागत में सड़कों पर बिछे फूल
लखनऊ, 20 जनवरी (हि.स.)। राम दरस बस सब नर नारी… श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा को लेकर चारों ओर उल्लास छाया है। लखनऊ में शनिवार को आस्था की अविरल धारा पूरे दिन प्रवाहित होती रही। विधायक डॉ नीरज बोरा के नेतृत्व में लखनऊ की विभिन्न संस्थाओं ने ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली। शोभायात्रा निराला नगर स्थित सरस्वती कुंज से डालीगंज, बाबूगंज, आईटी, हनुमान सेतु होते हुए खाटूश्याम मन्दिर तक निकली। श्रद्धालुओं ने राम दरबार से सजे रथ को हाथों से खींचते हुए जय श्रीराम के नारों के साथ नगर भ्रमण कराया। वहीं जगह-जगह शोभायात्रा का अभूतपूर्व स्वागत हुआ।
अंतरराष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, भारत लोक शिक्षा परिषद, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, श्यामप्रेमी संघ, श्याम परिवार, दादी परिवार, राधा स्नेह दरबार, डालीगंज हसनगंज व्यापार मंडल के साथ व्यापारियों, समाजसेवियों व नगर की विभिन्न संस्थाओं ने शोभायात्रा के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शोभायात्रा का शुभारम्भ सरस्वती कुंज से हुआ, जहां आरएसएस के विभाग प्रचारक अनिल, विद्या भारती के क्षेत्र संगठन मंत्री हेमचंद्र, रामजी सिंह, उमाशंकर मिश्र, डॉ शैलेंद्र शर्मा अटल आदि ने रथ पर विराजमान रामलला का पूजन किया। हजारों श्रद्धालु भगवा ध्वज लिए नाचते गाते चल रहे थे। पुष्प वर्षा के साथ श्रद्धालुओं में मिष्ठान वितरित किया। प्रभु को छप्पन भोग की थाली अर्पित की गई।
हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/आकाश