[ad_1]

गुवाहाटी, 09 फरवरी (हि.स.)। आवश्यक और अन्य वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखने में पूर्वोत्तर सीमा रेल माल ढुलाई की अनलोडिंग में निरंतर वृद्धि दर्ज कर रहा है। जनवरी, 2024 में माल ढुलाई के 1245 रेक अनलोड किए गए। चालू वित्त वर्ष के अप्रैल, 2023 से जनवरी, 2024 के दौरान पूर्वोत्तर सीमा रेल (पूसीरे) के क्षेत्राधिकार में माल ढुलाई के 11512 रेक अनलोड किए गए।पूसीरे के सीपीआरओ सब्यसाची डे ने आज बताया है कि पूसीरे ने उक्त महीने के दौरान एफसीआई चावल, चीनी, नमक, खाद्य तेल, उर्वरक, सीमेंट, कोयला, ऑटोमोबाइल, कंटेनर और अन्य सामग्रियों का परिवहन कर इसे अपने क्षेत्राधिकार के विभिन्न गुड्स शेडों में अनलोड किया।
चालू वर्ष के जनवरी माह के दौरान, असम में मालगाड़ियों के 714 रेकों को अनलोड किया गया, जिनमें से 405 रेक आवश्यक सामग्रियों के लदे थें। उसी महीने के दौरान त्रिपुरा में 91 रेक, नगालैंड में 19 रेक, मणिपुर में 05 रेक, अरुणाचल प्रदेश में 06 रेक और मिजोरम में 08 रेक अनलोड किए गए। इसके अलावा, पूसीरे के क्षेत्राधिकार के अधीन पश्चिम बंगाल में माल ढुलाई के 229 रेकों और बिहार में माल ढुलाई के 173 रेकों को भी उस महीने के दौरान अनलोड किया गया था।
न केवल आम लोगों की मौलिक आवश्यकता को पूरा करने के लिए, बल्कि सभी अंचलों की स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को चालू रखने के लिए आवश्यक और अन्य वस्तुओं का नियमित रूप से परिवहन किया जा रहा है। पूसीरे के महत्वपूर्ण सेक्शनों पर दोहरीकरण कार्यों के त्वरित निष्पादन से माल परिवहन की आवक और जावक गतिविधियों में वृद्धि हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार/ श्रीप्रकाश/अरविंद