[ad_1]

शोणितपुर (असम), 04 मार्च (हि.स.)। रंगापाड़ा में बीती रात हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत से उत्तेजित लोगों ने आज सड़क जाम कर दिया।
सड़क हादसा रंगापाड़ा के नागापथार में हुआ। तेजपुर-रंगापाड़ा रूट की बस (एएस-12ई-4600) की ठोकर से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान सेसा चाय बागान के 12 नंबर लाईन के निवासी आजाद मुंडा के रूप में हुई है।
मृतक रंगापाड़ा से साइकिल से खरीददारी करके घर वापस लौट रहा था कि बस ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत तत्काल ही हो गई। हादसे के बाद बस रंगपारा थाने पहुंची। इसके बाद जनता ने उग्र होकर बिंदुकुरी-तेजपुर मार्ग जाम कर विरोध जताया। लोग हाथों में लाठी लेकर सड़कों पर निकल आए। रास्ते पर आग जलाकर सड़क मार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया।
गुस्साई भीड़ ने बाबा गणेश नामक एक अन्य बस (एएस-10-6976) को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे का शिकार हुई बस के ड्राइवर की तलाश में लोगों ने हाईवे पर आग लगाकर सड़क जाम कर दिया। कई घंटों तक लोगों द्वारा सड़क जाम किए जाने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहन फंसे रहे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बाद में घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
हादसे में मारे गए आजाद मुंडा को लोग मुआवजा देने तथा रंगपारा-तेजपुर के बीच चलने वाली गाड़ियों के कागजात की जांच करने की लोगों ने मांग की। लोगों ने आरोप लगाया कि काफी पुरानी और जर्जर बसें इस रास्ते पर चलाई जा रही हैं, जिस कारण आए दिन दुर्घटनाएं हुआ करती हैं। प्रशासन द्वारा लोगों की मांग मान लेने के बाद लोगों ने सड़क को खाली कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद