[ad_1]

रायबरेली, 22 जनवरी (हि.स.)। भगवान श्री राम की प्राण-प्रतिष्ठा का उत्साह इस कदर है कि आज के दिन पैदा हुए बच्चों के नाम भी भगवान राम के नाम पर रखे जा रहे हैं। गर्भवती महिलाएं अपने को धन्य मान रहीं है कि इस दिन प्रभु राम का आशीर्वाद उन्हें मिला है। रायबरेली के जिला अस्पताल में कई गर्भवती महिलाएं भर्ती हैं। इनमें जिन गर्भवती महिलाओं ने आज बच्चों को जन्म दिया है, वे माताएं अपने बच्चों का नाम राम और लड़कियों का नाम सीता रखी हैं। बेटे को जन्म देने वाली रेनू आज बहुत उत्साहित हैं, उसके अनुसार उसे भगवान राम का आशीर्वाद मिला है। रेनू ने अपने नवजात का नाम भी राम रखा है। इसी तरह कई महिलाओं ने बेटी पैदा होने पर उसका नाम सीता और कई अन्य ने बेटों का नाम राम रखा है।
अस्पताल में भर्ती महिलाओं का कहना है कि यह दिन हम सबके लिए अविस्मरणीय है, इस शुभ दिन हम सभी को आशीर्वाद मिला है जो उनके जीवन के लिये अमूल्य है।
जिला महिला अस्पताल की अधीक्षक रेनू चौधरी ने बताया की आज दोपहर तक कम से कम पांच महिलाओं ने बच्चों को जन्म दिया है। भगवान राम और मां सीता के नाम पर नाम रखने का महिलाओं में क्रेज़ है। कोई अपने बच्चे का नाम राम रख रहा है तो कोई सीता।
हिन्दुस्थान समाचार/रजनीश/प्रभात