[ad_1]

मंडी, 25 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के सुंदरनगर उपमंडल के महादेव गांव निवासी पवन चौहान की बाल कहानी ‘अनोखा बंधन’ चिल्ड्रन बुक ट्रस्ट (सीबीटी) की राष्ट्रीय बाल साहित्य लेखन प्रतियोगिता में पुरस्कृत हुई है। पवन हिमाचल से एकमात्र बाल साहित्यकार हैं जिनकी रचना इस प्रतियोगिता में पुरस्कृत हुई है। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में इस बार देशभर से काफी संख्या में रचनाएं प्राप्त हुई। इसमें पवन की बाल कहानी ‘अनोखा बंधन’ ‘पालतू पशुओं की कहानियां’ वर्ग के अंतर्गत पुरस्कार के लिए चयनित हुई है। कहानी दो जानवरों के गहरे प्रेम की कहानी है।
प्रतियोगिता में इस बार कुल 12 विषय थे जिससे संबंधित कहानियां मांगी गई थीं। पुरस्कृत इस कहानी के लिए पवन को 6000 रू० की राशि प्रदान की जाएगी तथा सीबीटी से प्रकाशित पुस्तक में प्रकाशित की जाएगी।
बता दें, चिल्ड्रन बुक ट्रस्ट की स्थापना 1957 में कार्टूनिस्ट के. शंकर पिल्लई द्वारा की गई थी जिसका उद्घाटन 30 नवंबर, 1965 को भारत के राष्ट्रपति डा. एस. राधाकृष्णन ने किया था। भारत में बच्चों की किताबों के अग्रणी प्रकाशक, सीबीटी का उद्देश्य बच्चों के लिए बेहतर ढंग से लिखी, बेहतर चित्रों व सुंदर डिजाइन वाली किताबों का प्रकाशन करना है। सीबीटी अपनी पुस्तकों का अन्य भारतीय भाषाओं में भी अनुवाद करता है।
उल्लेखनीय है कि हिमाचल से इस पुरस्कार के लिए चयनित इस साहित्यकार की रचनाएं देशभर के स्कूली बच्चे अपने राज्य के पाठ्यक्रम, सीबीएसई तथा आइसीएसई के साथ केरल व नागपुर विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अपने पाठ्यक्रम में पढ़ रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/ मुरारी/सुनील