[ad_1]

नगांव (असम), 08 मार्च (हि.स.)। नागरिकता संशोधन कानून ”सीएए” के विरुद्ध जिले के कलियाबर में आज विपक्षी दलों के मोर्चा यूनाइटेड अपोजिशन फोरम के नेता धरना पर बैठे हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आज की असम यात्रा के मौके पर यह धरना इसलिए दिया जा रहा है ताकि प्रधानमंत्री आश्वासन दें कि असम में इस कानून को लागू नहीं किया जाएगा।
धरना पर बैठे नेताओं की ओर से मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक अखिल गोगोई ने कहा कि किसी भी हालत में नागरिकता संशोधन कानून को असम में राज्य के 16 विपक्षी दलों के फोरम द्वारा लागू नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक आवाज को दबाने की कोशिशें कर रही है।
विधायक ने असम के पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि डीजीपी असमिया लोगों को आंख दिखा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों पुलिस महानिदेशक ने कहा था कि असम में कानून-व्यवस्था की स्थिति को चुस्त दुरुस्त बनाए रखने के प्रति असम पुलिस प्रतिबद्ध है। किसी को कानून हाथ में लेने की छूट नहीं दी जाएगी। डीजीपी के इस कथन को लेकर विधायक अखिल गोगोई काफी नीचे उतरकर भाजपा के विरुद्ध बयानबाजी करते नजर आ रहे हैं।
दरअसल, लोकसभा चुनाव के मौके पर विपक्षी दलों द्वारा इस कानून को मुद्दे के रूप में भुनाने की कोशिश की जा रही है। सच्चाई यह है कि इस मुद्दे को लेकर असम में पहले ही कई चुनाव संपन्न हो चुके हैं, जिसमें भाजपा को और अधिक सीटें मिलती गई। ऐसे में यह साफ है कि विपक्ष भ्रमित होकर फिर से इस मुद्दे की ओर बढ़ रहा है।
इसी बीच आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर असम पहुंच रहे हैं। आज वे विश्व प्रसिद्ध काजीरंगा नेशनल पार्क में ठहरेंगे। उनके ठहरने के लिए काजीरंगा को विशेष रूप से सजाया गया है। प्रधानमंत्री जीप और हाथी की सफारी भी करेंगे। कल वे जोरहाट जिले के टियोक में लाचित बरफूकन मैदाम स्थल पर कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वे लाचित बरफूकन की 125 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। अपने असम दौरे के दौरान प्रधानमंत्री 19203 करोड रुपए की योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बीते एक सप्ताह से काजीरंगा में प्राइवेट जीप तथा हाथी सफारी बंद कर दिया गया है। इमरजेंसी वाहनों को छोड़कर सभी वाहनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद