[ad_1]

कानपुर,25 जनवरी (हि.स.)। नौबस्ता थाने की पुलिस ने निरीह बंदर की एयरगन से गोली मारकर हत्या करने के मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से एयरगन बरामद करके विधिक कार्रवाई की गई है। इस वारदात में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश जारी है। यह जानकारी गुरुवार की सुबह सहायक पुलिस आयुक्त नौबस्ता अभिषेक पांडेय ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित अखंड प्रताप है। जबकि वारदात में शामिल सुरेन्द्र चौहान व उसके बेटे सोनी चौहान की तलाश जारी है।
उल्लेखनीय है कि निरीह बंदर को एयरगन से गोली मार कर हत्या की घटना 16 दिसंबर की थी, लेकिन इस दुखद घटना की सूचना पुलिस को 24 जनवरी को उस समय हुई जब सामाजिक माध्यम (व्हाट्सएप) में कुछ लोगों द्वारा वायरल किया गया। घटना की शिकायत मिलते ही थाना नौबस्ता में धारा 452, 323, 504, 506 और 429 तथा पशु क्रूरता एवं संरक्षण अधिनियम की धारा 11 में मुकदमा दर्ज किया गया और विधिक कार्यवाही शुरू की गई। दफनाये गए बंदर के शव को निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया। प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्यवाही तीव्रता से करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और एयरगन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया। बंदर के साथ दुर्व्यवहार करने वाले अन्य अभियुक्तों की भी तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार/राम बहादुर/मोहित