[ad_1]

खूंटी, 7 फरवरी (हि.स.)। भाजपा के दिग्गज नेता और खूंटी से आठ बार सांसद रहे पद्मभूषण कड़िया मुंडा ने कहा कि विपक्ष लाख कोशिश कर ले लेकिन 2024 में केंद्र में भाजपा की ही सरकार बनेगी। पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लहर चल रही है। उन्हें हरा पाना फिलहाल संभव नहीं है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की झारखंड में हुई भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर मुंडा ने कहा कि राहुल गांधी के झारखंड दौर से कांग्रेस को कोई फायदा होनेवाला नहीं है।
मुंडा ने अनिगड़ा स्थित आवास पर हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में कहा कि सिर्फ बड़े नेताओं के आने से चुनाव नहीं जीता जा सकता। हां, इतना जरूर है कि बड़े नेताओं के आने से कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार होता है और काम करने के लिए उन्हें संजीवनी मिलती है। कांग्रेस अपने संगठन और काम के बल पर आज तक चुनाव नहीं जीती है। उन्होंने कहा कि खूंटी में भाजपा का किला काफी मजबूत है।
भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू नहीं जाने के संबंध में कड़या मुंडा ने कहा कि राहुल गांधी ने यहां के जनजातीय समाज को अपमानित किया है। मिशनरियों से राहुल गांधी के मिलने के संबंध में कड़िया मुंडा ने कहा कि राहुल बेचारा क्या करेगा, पूरी मिशनरी परेशान है। डिलिस्टिंग को लेकर रांची में भी रैली हुई लेकिन सफल नहीं हुई। उन्होंने कहा कि डिलिस्टिंग के मुद्दे को जिस तरह से मीडिया हवा बन रहा है, वह गलत है। यदि कांग्रेस डिलिस्टिंग के मामले पर कुछ बोलती है, तो उसका सीधा फायदा भाजपा को मिलेगा।
हेमंत सोरेन पर टिप्पणी करते हुए कड़िया मुंडा ने कहा कि हेमंत दावा करते हैं कि उनके पिता शिबू सोरेन ने अलग राज्य की लड़ाई लड़ी और झारखंड मिला। कड़िया ने कहा कि उनके पिता ने झारखंड की लड़ाई तो कभी लड़ी नहीं, झारखंड आंदोलन को बेचा जरूर है। इसके बाद भी कहते हैं कि उनके पिता झारखंड के लिए लड़ाई लड़ी। उन्होंने कहा कि इनका चरित्र ही है कि वे दूसरे की कमाई को अपनी कमाई बताते हैं। उन्होंने कहा कि भारत लोकतांत्रिक देश है, यहां बोलने का सबको अधिकार है। इसलिए बोलने दीजिए।
हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/चंद्र प्रकाश