[ad_1]

मुंगेली/रायपुर, 11 फरवरी (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज रविवार को मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड के सुदूर वनांचल ग्राम महामाई में जन चौपाल लगाकर वनांचल में रहने वाले बैगा आदिवासियों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने गांव में राशन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, विद्युत, आवास, शौचालय सहित शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामवासियों की मांग पर सामुदायिक भवन के लिए पांच लाख देने की घोषणा की।
इसके पूर्व वे ग्राम महामाई में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। वहां भूगर्भ से प्रगटित हनुमान जी एवं महामाई दाई की मूर्ति की नवनिर्मित मंदिर में आज प्राण प्रतिष्ठा की गई। साव ने हनुमान जी एवं महामाई दाई की मूर्ति की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। हनुमान जी एवं महामाई दाई की मूर्ति यहां 300 वर्ष पहले स्वयमेव भूगर्भ से प्रगट हुई थी जिसके नाम पर गांव का नाम महामाई पड़ा है।
उप मुख्यमंत्री साव के समक्ष महामाई में ग्रामीणों ने स्वप्रेरित होकर नशापन नहीं करने का संकल्प लिया। ग्रामीणों ने कहा कि न शराब बनाएंगे और न ही शराब का सेवन करेंगे। इसके प्रति समाज को जागरूक भी करेंगे। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार/गायत्री प्रसाद