[ad_1]

– मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समीक्षा में दिए निर्देश
– राजस्व महाअभियान की अवधि अब तक 10 मार्च तक
भोपाल, 28 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार शाम को अपने निवास कार्यालय समत्व भवन में राजस्व महाअभियान और प्रदेश में ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हाल ही में कुछ जिलों में हुई ओलावृष्टि के दृष्टिगत सर्वेक्षण सहित प्रभावित किसानों को राहत के लिए आवश्यक कार्यवाही सम्पन्न की जाए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस संबंध में प्रमुख सचिव राजस्व और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में जानकारी दी गई कि प्रभावित जिलों में किसानों के हित में आवश्यक प्रकिया प्रारंभ कर दी गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गत 15 जनवरी से प्रारंभ किए गए राजस्व महाअभियान को 29 फरवरी तक संचालित करने के निर्देश दिए गए थे। अभियान में अब तक 1.65 लाख प्रकरणों का निराकरण किया जा चुका है। कुल 2.5 लाख नए प्रकरणों को दर्ज किया गया था। इसके साथ ही दो लाख 14 हजार समय सीमा पार वाले लंबित प्रकरणों का निराकरण भी किया गया है। अभियान से आमजन को काफी राहत मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अभियान की अवधि 10 मार्च तक बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
समीक्षा के दौरान राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव निकुंज श्रीवास्तव ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा समय सीमा पर लंबित राजस्व प्रकरणों (नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, अभिलेख, दुरूस्ती, नक्शे पर तरमीम) के निराकरण के लिए राजस्व महाअभियान का आयोजन 15 जनवरी से प्रारंभ किया गया था, जो जारी है। अभियान के लिए राजस्व विभाग ने समस्त जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये। सभी जिला कलेक्टर की निगरानी में चिन्हित गतिविधियों को संबंधित तहसीलदार एवं पटवारियों द्वारा पूर्ण करने का कार्य किया गया है। राज्य स्तर के साथ ही जिला स्तर और तहसील स्तर पर भी प्रतिदिन प्रकरणों के निराकरण की मॉनीटरिंग का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम का श्रवण किया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार शाम को अपने निवास कार्यालय समत्व भवन से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम का श्रवण किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने यवतमाल (महाराष्ट्र) में किसानों को पीएम किसान योजना में राशि वितरण और हितग्राहियों को अन्य योजनाओं में हित लाभ वितरण, रेल परियोजना की शुरूआत और विभिन्न कार्यक्रमों के लिए भूमि-पूजन एवं लोकार्पण किया।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश