[ad_1]

भोपाल, 1 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन प्रक्रिया जारी है। किसान अपनी फसल बेचने के लिए अब आगामी छह मार्च तक अपने पंजीयन करा सकते हैं। इसके बाद सरकार 15 मार्च से राज्य में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी शुरू कर देगी। यह जानकारी शुक्रवार को जनसम्पर्क अधिकारी क्रांतिदीप अलूने ने दी।
उन्होंने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन करने के लिये पंजीयन की अवधि एक मार्च तक निर्धारित की गई थी। अब प्रदेश के गेहूँ उत्पादक किसानों को समर्थन मूल्य पर खाद्यान्न विक्रय का अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने के लिये किसान पंजीयन की अवधि 6 मार्च 2024 तक बढ़ा दी गयी है।
उन्होंने बताया कि सभी किसान अपनी गेहूं की फसल को समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए पंजीयन केंद्र या फिर कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर अपना पंजीयन कर सकते हैं। इस बार मप्र सरकार ने किसानों को पंजीयन के लिए मोबाइल ऐप की सुविधा भी प्रदान की है। किसान घर बैठे एमपी किसान ऐप के माध्यम से अपना पंजीयन कर सकते हैं। गौरतलब है कि रबी विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी 2275 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश