[ad_1]

बारामूला, 27 फरवरी (हि.स.)। बारामूला जिले में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक आतंकवादी सहयोगी को सुरक्षा बलों ने गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक हथगोला भी बरामद हुआ है।
अधिकारी ने एक बयान में कहा कि पट्टन क्षेत्र में मंगलवार को आतंकवादियों की आवाजाही के संबंध में एक विशेष सूचना पर बारामूला पुलिस, एसएसबी (द्वितीय बटालियन) और सेना (29 आरआर) द्वारा चिनार क्रॉसिंग पट्टन पर एक संयुक्त नाका स्थापित किया गया।
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। व्यक्ति ने नाके पर सुरक्षा बलों को देखते ही मौके से भागने की कोशिश की लेकिन सतर्क संयुक्त सुरक्षाबलों के जवानों ने उसे पकड़ लिया। उसकी पहचान मुंडयारी पट्टन निवासी मंजूर अहमद भट के पुत्र मेहराज उद दीन भट के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक जिंदा हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ है।
इस संबंध में पुलिस थाना पट्टन में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच शुरू की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार/बलवान/आकाश