[ad_1]

मंदसौर, 1 मार्च (हि.स.)। शामगढ़ थाना क्षेत्र के घट्टिया गांव में 27 अगस्त को भगतराम पिता मांगीलाल मौर्या (55) ने खेत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। करीब 5 महीने चली जांच के बाद पुलिस ने तीन लोगों पर सूदखोरी,आत्महत्या के लिए उकसाने सहित कई धाराओं में मामला दर्ज किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक भगत राम ने पिता के मृत्यु भोज और बेटे के इलाज में खर्च ज्यादा हो जाने के चलते आरोपी शंभु सिंह निवासी बरखेडा, करण सिंह सौंधिया निवासी गरडा, मोहनलाल बलाई निवासी गंगपुरा का खेड़ा जिला झालावाड से डेढ़ लाख उधार लिए थे। मृतक की ओर से 3 लाख रुपए चुका देने के बाद भी आरोपियों की ओर से मृतक को ब्याज चुकाने के लिए धमकाया जा रहा था।
आरोपी ब्याज की वसूली के लिए मृतक पर जमीन और भैंस देने के लिए दबाव बना रहे थे। मृतक ने आरोपी करण सिंह से 20 हजार उधार लिए थे। 30 हजार लौटने के बाद भी वह एक लाख मांग रहा था। आरोपी भेरुलाल बलाई से 15 हजार उधार लिए थे। इसके बदले वह मृतक को धमकाकर उसकी 90 हजार की भैंस ले गया।
आरोपियों की धमकियों परेशान होकर मृतक ने खेत पर पांच माह पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर शामगढ़ पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रताड़ित करने, सूदखोरी और एससीएसटी एक्ट के अपराध में प्रकरण दर्ज किया है।
हिन्दुस्थान समाचार/अशोक झलौया
हिन्दुस्थान समाचार/