[ad_1]

जींद, 17 मार्च (हि.स.)। नरवाना खंड के गांव दनौदा स्थित सर्वजातीय बिनैन खाप के ऐतिहासिक चबूतरे पर रविवार को महापंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें कालवन तपा, धमतान तपा, दनौदा तपा से आए बिनैन खाप के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस महापंचायत का मुख्य एजेंडा बिनैन खाप के प्रधान के रिक्त पद को लेकर रहा। गत 26 दिसंबर 2023 को 20 वर्ष से रहे प्रधान नफे सिंह नैन का हृदयघात होने से निधन हो गया था। जिसके बाद से सर्वजातीय बिनैन खाप में प्रधान का पद रिक्त था।
पंचायत की अध्यक्षता बिनैन खाप के उप प्रधान रामभगत की अध्यक्षता में हुई। पंचायत में मंच संचालन कालवन तपा के प्रधान फकीर चंद द्वारा किया गया। इस दौरान सर्वजातीय बिनैन खाप के ऐतिहासिक चबूतरे पर पंचायत में पहुंचे बिनैन खाप के लोगों द्वारा प्रधान पद के चुनाव के लिए अपने-अपने सुझाव भी पंचायत के सामने रखे। पंचायत में खाप का प्रधान बनाने के लिए विभिन्न गांवों से आए व्यक्तियों की सहमति से कालवन तपा, धमतान तपा, दनौदा तपा, लोधर और नैना गांव से पहुंचे प्रतिनिधियों की पांच सदस्यीय कमेटी बनाई गई। कमेटी सदस्यों ने सर्वसम्मति से रघुबीर सिंह नैन दनौदा का नाम प्रधान पद के लिए रखा। इस पर पंचायत में पहुंचे सभी ने सहमति जताई। पंचायत में सर्वसम्मति से रघुबीर सिंह नैन दनौदा को बिनैन खाप का प्रधान चुन लिया गया। इस मौके पर मास्टर रघुवीर बलवान सिंह, राजेंद्र लितानी, रणधीर नैन, होशियार सिंह, जोगीराम, प्रीतम सिंह, रंगीराम, ईश्वर कर्मगढ, जोगिंदर सिंह, सहित गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
बिनैन खाप के नवनियुक्त प्रधान रघुबीर सिंह नैन ने कहा कि जो जिम्मेदारी लोगों द्वारा उन्हें सौंपी गई है और वे उसे सच्ची निष्ठा और ईमानदारी से भी निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भाईचारा बनाने और संस्कृति बचाने का एक माध्यम खाप है और बिनैन खाप हिंदुस्तान में सर्वोपरि है पूर्व में रहे खाप के प्रधानों ने जो परंपरा कायम की है उन्होंने कहा कि इस परंपरा को आगे बढ़ाने का काम करेगें। उन्होंने कहा कि आगामी 31 मार्च को खाप की कार्यकरिणी बनाई जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ विजेंद्र/संजीव