[ad_1]

धर्मशाला, 22 फरवरी (हि.स.)। पुलिस थाना मैकलोडगंज के तहत त्रियुंड के समीप कर्नाटक से घूमने आए सैलानी को रेस्क्यू किया गया है। उक्त सैलानी बर्फ में फंस गया था जिसे एसडीआरएफ तथा पुलिस की टीम ने रेस्क्यू किया। जानकारी के अनुसार कर्नाटक से आया तथा पेशे से डॉक्टर ऋषभ पवन सालीकर त्रियुंड के समीप गलू के रास्ते ट्रेकिंग को अकेला निकला था। इस दौरान उक्त सैलानी रेहड़ीधार में बर्फ में फंस गया। इसके बाद उसने फोन कर मैकलोडगंज पुलिस को इसकी सूचना देकर मदद मांगी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस थाना मकलोडगंज और एसडीआरएफ टीम रवाना हुई तथा सैलानी को रेस्क्यू कर सुरक्षित पहुंचाया। एसडीआरएफ के साथ पुलिस टीम में एसआई यादेश ठाकुर, मुख्य आरक्षी संजीव तथा आरक्षी विजय के अलावा गलू के स्थानीय युवक अमित तथा मनु भी शामिल रहे। सैलानी ने त्वरित मदद के लिए एसडीआरएफ, पुलिस तथा स्थानीय युवकों का सुरक्षित निकालने के लिए आभार जताया। उधर एएसपी वीर बहादुर ने मामले की पुष्टि की है।
हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र
/सुनील