[ad_1]

कैथल,18 जनवरी (हि.स.)। पे ग्रेड की मांग को लेकर पटवारी गुरुवार को 16वें दिन भी धरने पर डटे रहे। पटवारियों ने दिनभर विरोध प्रदर्शन कर नारेबाजी की और रोष जताया। पटवारियों ने चेतावनी दी कि जब तक सरकार उनकी मांग पूरी नहीं करती, संघर्ष जारी रहेगा।
उधर पटवारियों की हड़ताल के चलते जमीन की पैमाइश, इंतकाल, गिरदावरी व रजिस्ट्री आदि का कार्य प्रभावित रहा। वहीं कुरुक्षेत्र में एक पटवारी की मृत्यु होने पर सभी पटवारियों ने धरना स्थल पर दो मिनट का मौन रख उसे भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
जिला प्रधान दिलबाग सिंह ढुल ने कहा कि पटवारियों की 35400 रुपये पे ग्रेड की मांग थी, लेकिन सरकार 32100 रुपये देने पर सहमत हो गई। ये पे ग्रेड एक जनवरी 2016 से लागू होना था, मगर सरकार ने 25 जनवरी 2023 से लागू कर दिया, जिसका पटवारियों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। सरकार जल्द पे ग्रेड जनवरी 2016 से लागू करे।
पूर्व प्रधान राजा राम ने कहा कि हड़ताल के चलते रजिस्ट्री, इंतकाल और गिरदावरी आदि के सभी कार्य ठप्प पड़े हैं।
एसकेएस से जयप्रकाश शास्त्री और ओमपाल भाल ने भी सरकार की नीतियों का विरोध किया और कहा कि सरकार जल्द पटवारियों की मांग पूरी करे।
कैथल तहसील प्रधान फग्गु राम ने कहा कि सरकार हठधर्मिता छोड़ जल्द पटवारियों को वार्ता के लिए बुलाए।
हिन्दुस्थान समाचार/ नरेश/सुमन/वीरेन्द्र