[ad_1]

भोपाल, 17 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव प्रदेश के गृह मंत्री भी हैं। मध्य प्रदेश में लगातार कानून व्यवस्था बदहाल होती जा रही है लेकिन यदि मुख्यमंत्री का गृह विभाग ही बदहाल है।
जीतू पटवारी ने बुधवार को निशाना साधते हुए कहा कि राजधानी भोपाल में कार में एक बेटी के साथ बलात्कार से यह अंदाज़ा लगाया जा सकता है कि यदि राजधानी भोपाल में यह हाल है तो बाकी प्रदेश में महिलाओं के साथ क्या होता होगा। मध्य प्रदेश में लगातार सभी उम्र की महिलाओं, युवतियों एवं बच्चियों से बलात्कार की घटनाएं बढ़ती ही जा रही हैं, छतरपुर में एक सात साल की बच्ची से बलात्कार यह बताता है कि अपराधी बेखौफ हैं।
पटवारी ने कहा कि रतलाम में पुलिस टीआई की कार को यदि चोर चुरा ले गए तो मुख्यमंत्री जो कि गृह मंत्री भी हैं ये बताएं कि आम जनता कितनी सुरक्षित महसूस करती होगी? इससे पहले भी मध्य प्रदेश में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने वाली घटनाएं सामने आती रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि आपको मुख्यमंत्री बने हुए एक महीने से ज़्यादा का समय हो गया है, अब आप सक्रिय हों और सरकार के सभी विभागों, खासकर गृह विभाग पर, कसावट करें ताकि प्रदेश की जनता सुरक्षित महसूस कर सके।
हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश