Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]
जींद, 24 मार्च (हि.स.)। गांव रोझला घर में चोरी की नियत से घुस कर मकान मालिक की हत्या करने के आरोपित चोर को सदर थाना सफीदों पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
गांव रोझला निवासी तनुज ने 21 मार्च को पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि रात को उसका पिता बबली (50) तथा वह अलग-अलग कमरों में सोए हुए थे। परिवार के अन्य लोग पूजा अर्चना के लिए बाहर गए हुए थे। देर रात को गांव का संदीप चोरी की नियत से घर में घुस गया। चोर के घर में घुसने की भनक उसके पिता बबली को लग गई और वह चोर से उलझ गया। उसी दौरान संदीप ने उसके पिता पर लात तथा घूसों से बौछार कर दी। जिसमें उसके पिता को गंभीर चोटें आई। उसके पिता द्वारा शोर मचाए जाने पर वह भी मौके पर पहुंच गया और चोर संदीप को पकड़ लिया।
जिस पर संदीप ने उस पर ईंट से वार किया ओर छुडा कर फरार हो गया। हाथापाई के दौरान संदीप का मोबाइल फोन तथा एक जूता वहीं छूट गया। शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। बेसुध हालत में उसके पिता बबली को निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सदर थाना सफीदों पुलिस ने मृतक के बेटे तनुज की शिकायत पर संदीप के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपित संदीप को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ विजेंद्र/संजीव