[ad_1]

झाबुआ, 17 फ़रवरी (हि.स.)। जिला पुलिस की सायबर सेल शाखा द्वारा ऑनलाइन फ्रॉड की शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए जनवरी 2023 से अब तक 19 शिकायतों में 7,65,538/-रू. की धनराशि आवेदकों को वापस कराई गई है। साथ ही आपरेशन हैलो के अंतर्गत करीब 7 लाख मूल्य के गुमशुदा मोबाइल का पता लगाकर उनके वास्तविक धारकों को लौटाए गए हैं।
अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक प्रेमलाल कुर्वे ने शनिवार को बताया कि पुलिस की साइबर सेल टीम द्वारा ऑपरेशन हेलो के अगले चरण में जहां 7 लाख रुपये मूल्य के 51 गुम हुए मोबाइल बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को लौटाए गए हैं, वहीं वर्ष 2023 में मिली 15 शिकायतों में कुल 4,53,028 रुपये भी पीड़ितों को लौटाए गए हैं। जनवरी 2024 से अब तक मिली 4 शिकायतों पर 3,12,510/- की धनराशि और जनवरी 2023 से अब तक 19 शिकायतों में 7,65,538/- की धनराशि भी आवेदकों को वापस कराई गई है।
एडीशनल एसपी ने बताया कि इसके साथ ही साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए झाबुआ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के अंतर्गत आमजनों को, स्कूल, कॉलेज, हाट-बाजार आदि स्थानों में जाकर लगातार जागरूक भी किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. उमेशचन्द्र शर्मा