[ad_1]

– चोरी की 16 मोटरसाइकिल बरामद
मीरजापुर, 11 मार्च (हि.स.)। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन के नेतृत्व में एसओजी, सर्विलांस व मड़िहान पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मड़िहान पुलिस ने रविवार की रात चोरी की मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में क्षेत्र के
लालपुर मोड़ से वाहन चोरों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक मनोरंजन सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित मनोरंजन गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि रविवार की रात थानाध्यक्ष मड़िहान को थाना क्षेत्र में कुछ व्यक्तियों को चोरी की मोटरसाइकिल बिक्री करने की सूचना मिली। प्रभारी एसओजी संजय सिंह, प्रभारी सर्विलांस मानवेन्द्र सिंह व थानाध्यक्ष मड़िहान प्रदीप कुमार सिंह की संयुक्त पुलिस टीम ने दबिश देकर लालपुर मोड़ के पास से दो व्यक्तियों को चोरी की दो मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। आरोपित.रोहित यादव पुत्र राजेश यादव निवासी गधिना थाना सोरांव जनपद प्रयागराज व गुड्डू नट पुत्र उमाशंकर नट निवासी लालपुर की निशानदेही पर ढेकवाह जंगल से गैंग के तीसरे सदस्य डब्लू नट निवासी लालपुर को चोरी की एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया। मौके पर तलाशी के दौरान झाड़ियों में छिपाकर कर रखी हुई अन्य 13 मोटरसाइकिलों को बरामद किया गया। गिरफ्तारी व बरामदगी के सम्बन्ध में मड़िहान थाने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।
नम्बर प्लेट बदल कर बेच देते थे बाइक
गिरफ्तार वाहन चोरों ने बताया कि उनका गैंग प्रयागराज व मीरजापुर सहित अन्य आसपास के जनपदों से मोटरसाइकिलों को चोरी करता है। चोरी के वाहनों का वास्तविक नम्बर प्लेट हटाकर, इंजन एवं चेचिस नम्बर में आंशिक परिवर्तन करते हुए ग्राहकों की तलाश कर बाइक को बेच देते हैं।
प्रयागराज व कर्वी की भी हैं बरामद मोटरसाइकिलें
बरामद सात मोटरसाइकिलें मीरजापुर के अहरौरा व कोतवाली कटरा, जनपद प्रयागराज के थाना क्षेत्र जार्जटाउन, कर्नलगंज व मुट्ठीगंज तथा जनपद चित्रकूट के थाना कर्वी पर चोरी हो जाने के सम्बन्ध में पंजीकृत अभियोगों से सम्बन्धित हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/सियाराम