[ad_1]

हिसार, 1 मार्च (हि.स.)। हांसी में शुक्रवार को डाकखाने से पेंशन के रुपये निकलवाकर घर जा रहे एक बुजुर्ग को जबरदस्ती ऑटो में बैठाकर रुपये निकाल लेने का मामला प्रकाश में आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर गांधी कालोनी निवासी 82 वर्षीय इन्द्र लाल की शिकायत पर अज्ञात ऑटो चालक व एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में इन्द्रलाल ने बताया कि वह 82 साल का डाक विभाग से रिटायर्ड कर्मचारी है। उसे रिटायरमेंट के बाद पेंशन मिलती है। इन्द्रलाल ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह 10-11 बजे मुलतान कालोनी स्थित डाकखाने से अपनी पैंशन के 40 हजार हजार रुपए लेकर अपने घर जाने के लिए एक स्कूटी वाले से लिफ्ट लेकर उसकी स्कूटी पर बैठ गया और बड़सी गेट के पास स्कूटी से उतरकर अपने घर जाने लगा। इसी दौरान एक ऑटो चालक ने उसे आवाज लगाई और उसके बाद उसने जबरदस्ती उसे अपने ऑटो में बैठा लिया। उसके ऑटो में एक व्यक्ति पहले से ही पीछे बैठा हुआ था। ऑटो में पीछे बैठे व्यक्ति ने उसे कहा कि आप ऑटो का हैंडल पकड़कर उपर हाथ करके बैठ जाओ और ऑटो चालक ने उसे बड़सी गेट से बैठाकर उमरा गेट से पहले उतार दिया।
ऑटो से उतरकर जब उसने अपने रुपए संभाले तो 40 हजार रुपए जेब में नहीं मिले। वृद्ध इन्द्र लाल ने बताया कि ऑटो वालों ने उससे किराये के रुपए भी नहीं मांगे। वह उसे उतारते ही अपना ऑटो लेकर मौके से फरार हो गया। वृद्ध ने बताया कि जेब में रुपए नहीं मिलने पर उसने शोर भी मचाया परंतु तब तक ऑटो चालक अपने ऑटो सहित उसकी आंखों से ओझल हो चुका था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव