[ad_1]

प्राचार्या ने स्वीपर पर ही लगाया दुर्व्यवहार करने का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
हिसार, 12 मार्च (हि.स.)। जिले के बरवाला क्षेत्र के गांव गैबीपुर के राजकीय स्कूल की महिला प्राचार्या के खिलाफ मंगलवार को मारपीट का केस दर्ज किया गया है। प्राचार्या पर स्कूल के स्वीपर को सफाई कार्य सही ढंग से न करने पर धमकाने व जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। उधर, प्राचार्या ने आरोपों को गलत बताते हुए स्वीपर पर ही दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बोबुआ निवासी स्वीपर जसवंत ने बरवाला थाना में दी शिकायत में कहा है कि वह कौशल रोजगार निगम के तहत आरोही माडल स्कूल गैबीपुर मे स्वीपर के तौर पर कार्य कर रहा है। गत दिवस दोपहर लगभग 2-30 बजे वह काम कर रहा था। उसी समय स्कूल की प्रिंसिपल उपासना दूहन ने उसे अपने दफ्तर के सामने रोक लिया और कहा कि सफाई ठीक ढंग से नही करते।जसवंत के अनुसार उसने बताया कि मैडम सफाई ठीक तो की है, साथ ही कहा कि आप मुझसे माली का काम भी करवाते हो। स्वीपर के अनुसार इस पर मैडम भड़क गई और उसको जातिसूचक गालियां देते हुए हरामजादा कहा। इसके बाद प्रिंसिपल ने उसका गला पकड़कर घसीटा और मारपीट की। उस समय मौका पर स्कूल की चपरासी पूजा व स्वीपर कविता भी मौजूद थी। उनके समझाने पर प्रिंसिपल ने उसे छोड़ा। उसे कहा कि स्कूल से चला जा, आगे से बहसबाजी की तो जान से मरवा दूंगी।
स्वीपर जसवंत ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रिंसिपल उसे तीन साल से परेशान कर रही है। स्वीपर ने यह भी बताया कि मामले में डीएसपी, थाना प्रभारी जांच करने के लिए स्कूल आये थे। केस दर्ज के बाद अभी प्रिंसिपल को अरेस्ट नही किया गया। उन्होंने बताया कि स्कूल में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, उसमें पूरी वारदात रिकॉर्ड हुई है। बरवाला थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रिंसिपल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
उधर, गैबीपुर स्कूल की प्राचार्या उपासना दूहन ने स्वीपर जसवंत द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को आधारहीन बताया है। प्राचार्या ने स्वीपर पर बदतमीजी और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरा की डीवीआर खराब थी, उसे रिपेअर के लिए दिया हुआ है।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव