[ad_1]

15 दिनों से मायके गई हुई थी मृतक की पत्नी, परिजनों का रो रोकर बुरा हाल
हिसार, 8 फरवरी (हि.स.)। हांसी उपमंडल के गांव नजदीक ढाणी कुंदनापुर में एक युवक 32 वर्षीय बलवान ने पत्नी के वियोग में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पत्नी 15 दिन से अपने मायके गई हुई थी। युवक द्वारा अचानक फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की घटना के बाद से परिवार के सदस्यों का रो रोकर बुरा हाल है। जांच अधिकारी एएसआई राजीव कुमार ने गुरुवार को बताया कि गांव कुंदनापुर में 32 वर्षीय बलवान ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है।
सूचना के आधार पर जब वह कुंदनापुर गांव में पहुंचा तो बलवान का शव उसके कमरे की छत में लगे पंखे के कुंडी से लटका हुआ मिला। इसके बाद शव को फंदे से उतार पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि मृतक बलवान की पत्नी पिछले 10-15 दिनों से अपने मायके गई हुई थी। उसके घर के सदस्य घर पर ही मौजूद थे लेकिन बलवान ने रात को अपने कमरे में पंखे के हुक पर फंदा लगा लिया। सुबह जब बलवान देर तक बाहर नहीं आया तो परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह पंखे के हुक पर फंदे से लटका हुआ था।
जांच अधिकारी एएसआई राजीव कुमार ने बताया कि बलवान ने जीवनलीला समाप्त करने से पूर्व शराब का सेवन भी कर रखा था। उन्होंने बताया कि फिलहाल युवक द्वारा फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त किए जाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। बलवान ने रात के समय फांसी लगाई। मृतक बलवान ने 6 वर्ष पूर्व 2017 में गीता से प्रेम विवाह किया था लेकिन वह पिछले 10-15 दिन से अपने मायके गई हुई थी।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव