[ad_1]

– लोकसभा चुनाव के दौरान ‘आप’ को मज़बूत करने की लोगों से अपील
– भगवंत मान ने दिल्ली कूच कर रहे किसानों की मांगों का किया समर्थन
तरनतारन, 11 फरवरी (हि.स.)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने विकास के एजेंडे को राष्ट्रीय स्तर पर केंद्र में लाने के लिए ‘आप’ को मज़बूत करने की लोगों से समर्थन और सहयोग की अपील की है।
तरनतारन में श्री गुरु अमरदास थर्मल प्लांट को लोगों को समर्पित करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि आम लोगों को भारतीय राजनीति के केंद्र में लाने का सेहरा अरविन्द केजरीवाल को जाता है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने फूट डालने वाली राजनीति को नकार कर मानक राजनीति की शुरुआत करके राजनीति में सराहनीय बदलाव किया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह बड़े गर्व की बात है कि बड़ी संख्या में लोग इस ऐतिहासिक मौके के गवाह बने हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनें चहेतों को बेचने के उलट पंजाब सरकार ने प्राइवेट प्लांट खरीदने का ऐतिहासिक फ़ैसला लिया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि वह दिन दूर नहीं, जब राज्य सरकार राज्य के बाकी बचे प्राइवेट थर्मल प्लांटों को भी खरीद लेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग अब परिवार बचाओ यात्रा के रास्ते पर चल रहे हैं, उन्होंने अपने लम्बे कार्यकाल के दौरान राज्य को लूटा है। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने बेरहमी से राज्य को बर्बाद कर दिया, जिस कारण इनको सत्ता से बाहर किया गया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि लोग इन नेताओं के एक भी शब्द पर भरोसा नहीं करते, जिस कारण यह नेता हमारे साथ बैर रखते हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने कहा कि पिछले 75 सालों में पहली बार राज्य सरकार ने प्राइवेट पावर प्लांट खरीदा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 5500 करोड़ रुपये का यह प्लांट केवल 1100 करोड़ रुपये की कीमत पर खरीदा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 90 फीसदी घरों को पहले ही मुफ़्त बिजली मिल रही है और इस प्लांट के साथ अब अन्य सेक्टरों को भी सब्सिडी आधारित बिजली मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शनिवार को घर-घर मुफ़्त राशन योजना शुरू की है, जो देश से राशन माफिया को ख़त्म करने के लिए अहम कदम साबित होगा।
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले अगर 100 किलो राशन आता था तो केवल 15 किलो ही लोगों तक पहुंचता था। आम आदमी के लिए आने वाले राशन को राजनीतिक पार्टियों और उनके नेताओं ने लूटा है। उन्होंने कहा कि अब वह दिन दूर नहीं, जब लोगों को राशन की सुचारू डिलीवरी मिलेगी। उन्होंने राज्य में विभिन्न जनहितैषी योजनाओं के 8000 करोड़ रुपये रोकने के लिए केंद्र सरकार की निंदा करते हुए कहा कि यह राज्य के साथ सरासर बेइंसाफी है, जिसको बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनीत