[ad_1]

चंडीगढ़, 15 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश में इस साल कई आईएएस अधिकारियों के सेवानिवृत्त होने के बाद प्रदेश में 21 आईएएस अधिकारियों की कमी होने वाली है। इस कमी को देखते हुए हरियाणा सरकार ने केंद्र सरकार से दस आईएएस अधिकारियों की मांग की है।
हरियाणा मुख्य सचिव संजीव कौशल 1986 बैच के आईएएस हैं और वह इस साल 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। प्रदेश के वित्तायुक्त टीवीएसएन प्रसाद 1988 बैच के हैं और वह इस साल 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होंगे। 1990 बैच के आईएएस अंकुर गुप्ता 31 दिसंबर तथा केंद्र सरकार में अपनी सेवाएं दे रहे 1991 बैच के आईएएस श्रीकांत वलगद 31 मई को सेवानिवृत्त होंगे। वर्ष 2003 की आईएएस रेनु एस फूलिया 30 नवंबर को, वर्ष 2011 बैच के आईएएस नरेश कुमार 30 जून को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं।
प्रदेश में इस साल के अंत तक 21 आईएएस अधिकारियों की जरूरत होगी। इसकी एवज में हरियाणा सरकार ने सीधी भर्ती के माध्यम से आने वाले दस आईएएस अधिकारियों की मांग का प्रस्ताव तैयार करके केंद्र को भेजा है। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय द्वारा प्रस्ताव के आधार पर अपनी रिपोर्ट यूपीएससी को भेजी जाएगी। माना जा रहा है कि हरियाणा को इस साल आठ नए आईएएस अधिकारी मिल सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/वीरेन्द्र