[ad_1]

जयपुर, 18 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन राजस्थान में आधे दिन का अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार रात भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में इसकी घोषणा की।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री शर्मा सोशल प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट किया कि आज प्रदेश कार्यालय पर आयोजित विधायक दल की बैठक में नवनिर्वाचित विधानसभा सदस्यों को संबोधित किया। इस सुअवसर पर उपस्थित विधानसभा सदस्यगणों को राजस्थान परिवार के प्रत्येक सदस्य की खुशहाली व कल्याण के लिए पूर्ण निःस्वार्थ भाव के साथ सेवा करने का आह्वान किया।
इधर बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत ने पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 22 जनवरी को श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन राजस्थान में आधे दिन के अवकाश की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि सभी मंत्रियों को आने वाले समय में भाजपा प्रदेश कार्यालय में जनसुनवाई के निर्देश दिए हैं।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने कहा कि हमने 22 जनवरी को पूरे दिन की छुट्टी की मांग की। उन्होंने कहा कि हमने सीएम भजनलाल शर्मा से निवेदन किया है कि 22 जनवरी को पूरे दिन की छुट्टी की घोषणा करें। आधे दिन की छुट्टी की घोषणा तो हो गई है, लेकिन हमने पूरे दिन की छुट्टी की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार/संदीप/आकाश