[ad_1]

हल्द्वानी, 07 मार्च (हि.स.)। केंद्र सरकार ने विशेष योजनागत सहायता कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी में जल स्रोतों से पानी की आपूर्ति बढ़ाने के लिए 154.43 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।
पहली किस्त के रूप में 10 करोड़ रुपये जारी भी कर दिए हैं। इस धनराशि से शीतलाहाट और शीशमहल में तीन आधुनिक फिल्टर प्लांट का निर्माण कराया जाएगा। जिससे गौला नदी से सप्लाई होने वाला पेयजल आसानी तक घरों तक पहुंच सके। इससे शहर में पेयजल के लिए भूजल पर निर्भरता भी कम होगी। इसके अलावा पानी के लीकेज को रोकने के लिए पुरानी जर्जर पाइपलाइन भी बदली जाएगी।
गौला नदी से पूरे शहर में पेयजल आपूर्ति की जाती है, लेकिन जल संस्थान के शीशमहल में मौजूद फिल्टर प्लांट पुराने होने से गौला नदी से पेयजल की जरूरत पूरी नहीं हो पाती।आजादी से पहले बना शीतलाहाट के प्लांट ने पूरी तरह से काम करना बंद कर दिया है। दशकों पहले बिछाई गई पेयजल लाइनें जर्जर होने से जरूरी पेयजल लीकेज होने से बर्बाद हो जाता है।
इसके समाधान के लिए डीएम के निर्देश पर जल निगम और जल संस्थान की संयुक्त टीम निरीक्षण कर नई पेयजल योजना की डीपीआर बना कर मंजूरी के शासन को भेजा। 20 फरवरी 2024 को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की समिति ने इसका अनुमोदन किया। केंद्र सरकार ने विशेष योजनागत सहायता कार्यक्रम के अन्तर्गत योजना के लिए बीते मंगलवार को वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर 10 करोड़ की धनराशि उत्तराखंड शासन को अवमुक्त कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार/अनुपम गुप्ता/रामानुज