Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

ग्वालियर, 07 मार्च (हि.स.)। मौसम अब शुष्क हो गया है। धूप तेज होने लगी है। इसी के चलते आज दिन के तापमान में लगभग चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि फिलहाल मौसम साफ रहेगा। इस कारण अब दिन के साथ रात का तापमान भी बढ़ेगा। हालांकि 10 से 11 मार्च के बीच हिमालय में एक और पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। 13 मार्च को ग्वालियर-चंबल संभाग में भी इसका असर देखने को मिल सकता है।
मौसम के जानकार बता रहे हैं कि बीते बुधवार को हिमालय में आया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ और कमजोर होकर आगे बढ़ गया है। अब ग्वालियर-चंबल के मौसम को प्रभावित करने वाली कोई मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है। इसलिए फिलहाल यहां का मौसम शुष्क रहेगा जिससे धूप में तेजी देखने को मिलेगी। इसके साथ ही ठंडी हवाएं भी थम गई हैं। इसके चलते अब अधिकतम के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि होगी। 10 से 11 मार्च के आसपास हिमालय में एक और ताजा पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। हिमालय क्षेत्र में 13 मार्च को इसकी तीव्रता बढ़ेगी। इस दौरान इस मौसम प्रणाली का ग्वालियर-चंबल संभाग में भी असर देखने को मिलेगा। यहां घने बादल छा सकते हैं। इसके साथ ही कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो सकती है। स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 28.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 3.2 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 0.3 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 3.9 डिग्री सेल्सियस कम है। आज सुबह हवा में नमी 70 प्रतिशत दर्ज की गई जो औसत से 36 प्रतिशत अधिक है जबकि शाम को हवा में नमी घटकर 44 प्रतिशत दर्ज की गई जो औसत से 11 प्रतिशत अधिक है।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद