[ad_1]

ग्वालियर, 01 फरवरी (हि.स.)। गांव चलो अभियान केंद्रीय संगठन द्वारा दिया गया प्रमुख अभियान है। महानगर में हम बूथ चलो अभियान के तहत अभियान चलाएंगे। यह बात गुरूवार को भाजपा के जिलाध्यक्ष अभय चौधरी ने ग्वालियर विधानसभा, पूर्व विधानसभा एवं दक्षिण विधानसभा के प्रमुख पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर इस अभियान में भागीदारी करें, पद कोई स्थाई नहीं होता, संगठन स्थाई होता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदान केंद्र विस्तारक एवं प्रभारी जाएंगे। वह सुबह 8 से रात्रि 8 या 9 बजे तक मतदान केंद्र पर संपर्क करेंगे। 3 एवं 4 फरवरी को प्रत्येक मण्डल में इस आयोजन की कार्यशाला संपन्न होगी।
इस अवसर पर संसदीय क्षेत्र के विस्तारक श्रवण व्यास ने कहा कि हमारी सरकार का प्रमुख लक्ष्य विकसित गांव व विकसित भारत है। मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि संगठन मुझे जिस भी मतदान केंद्र पर भेजेगा, मैं वहां पूरे 24 घंटे रहूंगा। वहीं शाम को भाजपा कार्यालय मुखर्जी भवन पर महिला मोर्चा की शक्ति वंदन के तहत महिला स्वयं सहायता समूह एवं एनजीओ संपर्क अभियान की बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अभय चौधरी ने कहा कि हमारी बहनें इस अभियान में पूरी शक्ति के साथ जुटें। केंद्र एवं प्रदेश सरकार सदैव महिला हितैषी रही है और हमेशा से महिलाओं के लिए कार्य करती आ रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद