[ad_1]

फिरोजाबाद, 22 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में सोमवार को मर्यादा पुरषोत्तम भगवान श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर चारों ओर हर्षोल्लास की लहर नजर आयी। प्रातः काल से ही नगर की सड़कों पर राम भक्तों द्वारा जय श्री राम के नारे सुनाई देने लगे। भारत विकास परिषद ने प्रभु श्री राम की शोभायात्रा निकाली।
अयोध्या में सोमवार को मर्यादा पुरषोत्तम भगवान श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर फिरोजाबाद शहर में चारों ओर हर्षोल्लास की लहर नजर आयी। सुबह से ही मंदिरों पर लगे लाउडस्पीकरों पर भगवान श्री राम के भजन सुनाई देने लगे वही आमजन और रामभक्तों द्वारा निकाली गयी रैलियों में लगाए जा रहे एक ही नारा एक ही नाम जय श्रीराम जय श्रीराम के नारों से सुहाग नगरी गुंजायमान हुई। अयोध्या में श्री राम लला के सम्पन्न हुए प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर पूर्व घोषित कार्यक्रमों को लेकर नगर के मंदिरो में हनुमान चालीसा व सुंदर काण्ड के पाठ का आयोजन किया गया। वही केला देवी मंदिर व बड़े हनुमान मंदिर पर भव्य फूल बंगला सजाया गया। सदर बाजार स्थित घंटाघर के समीप राम चंद्र जी के मंदिर पर श्री राम का श्रृंगार आदि कार्यक्रम सम्पन्न हुए। इसी प्रकार नगर के अन्य मंदिरों पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया।
वही भारत विकास परिषद द्वारा प्रभु राम की दरबार की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली गयी। जिसका शुभारम्भ गौ शाला स्थित सरस्वती शिशु मंदिर से हुआ। शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई वापिस सरस्वती शिशु मंदिर पर सम्पन्न हुई। शोभायात्रा में राम दरबार की झांकी की धर्म प्रेमी जनता ने जगह-जगह आरती उतारकर स्वागत किया। शोभायात्रा मार्ग को तोरण द्वारों से सजाया गया था। इस अवसर पर नगर के विभिन्न मंदिरों के आलावा धर्म प्रेमियों ने कई स्थानों पर भण्डारा व प्रसाद वितरण का कार्य किया। उक्त सभी कार्यक्रमों के आयोजन से पूरी सुहाग नगरी राम मयी हो गयी थी। आमजन राम भक्ति में डूबा नजर आया। शाम के समय दीपमालिका का आयोजन किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/कौशल/मोहित