[ad_1]

सांसद बोले, कांग्रेस सरकार आने पर सेना के लिए पहले से चयनित सभी 1.5 लाख युवाओं की कराएंगे ज्वाइनिंग
भाजपा सरकार ने अग्निपथ योजना लाकर देश की फौज को किया कमजोर, युवाओं का भविष्य खराब करने का किया काम
सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने बोहर में किया शहीद सतपाल सिंह गिरोह समाधि स्थल व प्रतिमा का किया अनावरण
रोहतक, 11 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा सरकार ने अग्निपथ योजना लाकर देश की फौज को कमजोर, युवाओं का भविष्य खराब करने का काम किया है। सरकार अग्निपथ योजना लाकर शहीद के बलिदान में भी भेदभाव कर रही है। यदि अग्निवीर सैनिक का बलिदान हो जाता है तो अग्निवीर शहीद को सरकार शहीद का दर्जा भी नहीं दे रही है। शहादत होने पर उनके परिवार को पेंशन या सैन्य सेवा से जुड़ी कोई और सुविधा भी नहीं मिल रही है। वे सोमवार को गांव बोहर में शहीद सतपाल सिंह गिरोह की समाधि स्थल व प्रतिमा का अनावरण करने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि ड्यूटी के दौरान अग्निवीर सैनिक को ग्रेच्युटी व अन्य सैन्य सुविधाएं और पूर्व सैनिक का दर्जा व पूर्व सैनिक को मिलने वाली सुविधाएं मिलने का भी कोई प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में कांग्रेस सरकार आने पर अग्निपथ योजना समाप्त कर भर्ती अग्निवीरों को रेगुलर सैनिक के तौर पर बदल देंगे और फौज में पहले की तरह रेगुलर भर्ती शुरू करेंगे।
उन्होंने कहा कि पक्की सरकारी नौकरियों को कौशल निगम या अग्निवीर जैसी योजनाओं के जरिये कच्चा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना आने से पहले सेना में करीब डेढ़ लाख युवा चयनित हुए थे, लेकिन उनको आज तक ज्वाइनिंग नहीं दी गई और वे दर-दर की ठोकर खाने को मजबूर हैं।
हुड्डा ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री ने रेवाड़ी में वन रैंक वन पेंशन की घोषणा की, लेकिन सरकार बनने के बाद नो रैंक नो पेंशन वाली अग्निपथ योजना ले आये। सरकार के इस फैसले के दुष्परिणाम एक एक करके सामने आ रहे हैं। अग्निपथ स्कीम के जरिए बीजेपी सरकार ने देश की सेना को दो हिस्सों में बांटने का काम किया है। उन्होंने कहा कि एक अग्निवीर सैनिक व एक नियमित सैनिक की शहादत होने पर शहीद के परिवार को मिलने वाली अनुग्रह राशि में भारी अंतर है।
हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/संजीव