[ad_1]

तीन दिन में साइट पर अपलोड करनी होगी रिपोर्ट
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को बैठक में दिए निर्देश
चंडीगढ़, 29 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा के विभिन्न विभागों में रिक्त पड़े ग्रुप डी के पदों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के लिए सरकार ने सभी विभागों से रिक्त पदों का ब्यौरा मांग लिया है।
मुख्य सचिव संजीव कौशल ने सोमवार को अधिकारियों के साथ बैठक के बाद अधिकारियों को जिलों में कार्यरत ग्रुप-डी के खाली पड़े पदों की जानकारी मांगी है। रिक्त पदों की ब्यौरा तीन दिन के अंदर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिलों के अधिकारी वीडियो कांफ्रैंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस संबंध में मानव संसाधन विभाग के महानिदेशक को नियुक्ति प्राधिकारी मनोनीत किया गया है। कौशल ने बताया कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ग्रुप-डी के 13 हजार से अधिक पदों की भर्ती की जाएगी। इनमें विभिन्न विभागों, बोर्डों और निगमों के लिए पांच सौ पद भी शामिल हैं।
इसके लिए विभागों ने आयोग को मांग-पत्र भेजा गया है। इन कर्मचारियों का कॉमन कॉडर रहेगा, जिन्हें विभिन्न विभागों और जिलों में लगाया जाएगा। मुख्य सचिव ने सभी विभागाध्यक्षों और प्रशासनिक सचिवों को निर्देश दिए कि विभागों द्वारा आयोग को पहले से भेजी गई मांग को ही दोबारा भेजना सुनिश्चित करें। विभागों द्वारा मांग-पत्र में भेजे गए पदों की संख्या भी पहले जितनी ही होनी चाहिए। अगर पदों की संख्या बढ़ी है तो उसे संशोधित कर सकते हैं। इस बार एचकेसीएल द्वारा विकसित पोर्टल के माध्यम से ही पद का नाम और प्रत्येक जिले के पदनाम निर्दिष्ट किए जाएंगे।
इस अवसर पर विकास एवं पंचायत विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनिल मलिक, मानव संसाधन विभाग के प्रधान सचिव डी.सुरेश, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव रवि प्रकाश गुप्ता, उच्चतर शिक्षा विभाग के महानिदेशक राजीव रतन सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील