[ad_1]

– घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
मुरैना, 28 फरवरी (हि.स.)। शहर में दिनदहाड़े चोरी, लूट और फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन हो रहीं घटनाओं से आमजन में काफी आक्रोश है। बुधवार की शाम भी मुरैना शहर के बीचों बीच स्थित सर्राफा मार्केट से एक चोर तिजोरी से तीन लाख रुपये के सोने के गहने पार कर ले गया। चोरी की यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीव्ही में कैद हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीव्ही वीडियो के आधार पर अब चोर का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पंचायती धर्मशाला क्षेत्र स्थित गुरुद्वारा रोड पर आनंद गुप्ता की मां ज्ञानेश्वरी ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। बुधवार की शाम आनंद गुप्ता किसी काम से घर चले गए। जहां उनका एक 16 साल का कर्मचारी क्रिश बैठा हुआ था। इसी दौरान साढ़े पांच बजे के करीब एक अधेड़ उम्र का व्यक्ति, जो ब्राउन जैकेट, फौजी केप लगाए हुए था वह आया और कर्मचारी से सोने का पेंडल दिखाने की कहने लगा। इसके बाद कर्मचारी ने मना किया तो उसने कहा कि उसकी पत्नी दो दिन पहले पेंडल देख गई है, जो उसे पसंद है। इसके बाद क्रिश ने मालिक आनंद गुप्ता को फोन लगाया। इसी फोन से उक्त व्यक्ति ने बात की। इसके बाद क्रिश उसे पेंडल दिखाने लगा। जिसके लिए उसने तिजोरी खोली। तिजोरी से क्रिश पेंडल निकाल रहा था उसी समय व्यक्ति ने तिजोरी में हाथ डाला और 60 ग्राम सोने के नाक की बालियों का पैकेट उठाकर जेब में रख लिया। इसके बाद तुरंत वह दुकान से अपने साथी जो बाहर खड़ा था, उसके साथ बाइक पर बैठकर निकल गया। क्रिश को चोरी का कुछ देर बाद पता चला जब उसे तिजोरी में पैकेट नहीं दिखा। चोरी के बाद मालिक आनंद गुप्ता भी आ गए। चोरी की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। चोरी की यह पूरी घटना दुकान में लगे कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब चोर का पता वीडियो फुटेज के आधार पर लगा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद/नेहा