[ad_1]








– परिजनों ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप, एसपी ने जांच के दिए आदेश
झांसी,12 फरवरी (हि.स.)। थाना टहरौली क्षेत्र के बमनुआ रौरा में रविवार की रात्रि जुआ पकड़ने पहुंची पुलिस ने नौ लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक जुआरी पुलिस से बचने के लिए भागा, तो कुएं में गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में मृतक के भाई ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस पर एसपी सिटी ने सोमवार को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार रविवार की रात पुलिस जुआ पकड़ने पहुंची और नौ लोगों को जुआ खेलते हुए पुलिस ने पकड़ लिया। इस दौरान एक जुआरी रामू राजपूत पुत्र भगवती पुलिस से बचने के लिए भागा और वह कुएं में गिर गया , जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के हाथ में ताश की गड्डी एवं हजारों रुपए मिले। मृतक के भाई जयप्रकाश ने आरोप लगाते हुए कहा कि टहरौली पुलिस के द्वारा पीछे से व्यक्ति को दौड़ाया गया एवं कुएं में गिरने के बाद उसे छोड़कर भाग गए। जिसके कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी है।
इस संबंध में एसपी सिटी ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि टहरौली से 500 मीटर की दूरी पर जंगल में स्थित एक सूखे कुएं में रौरा निवासी करीब 40 वर्षीय रामू का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यदि परिजनों को कोई आपत्ति है तो तहरीर लेकर जांच कराते हुए उचित कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/महेश/मोहित