[ad_1]

औरैया, 23 मार्च (हि. स.)।कोतवाली पुलिस द्वारा घर में घुसकर जानलेवा हमला, हत्या कर देने, गाली-गलौज मारपीट कर धमकी देने सहित अन्य धाराओं में अभियुक्तों राजेश कुमार उर्फ राजू, सोनू तिवारी, अंकित उर्फ कल्लू तिवारी व अशोक तिवारी को नरोत्तमपुर नहर पुलिया के पास दो नाजायज तमंचे एवं जिन्दा व खोखा कारतूस .315 बोर सहित गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने घटना का खुलासा किया है।
प्रेसवार्ता के दौरान एसपी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि गत 19 मार्च 2024 को रामबाबू पुत्र नरेश पांडेय द्वारा कोतवाली औरैया पर दी गई तहरीर के आधार पर जानलेवा हमला, सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया। इसके अलावा धारा 34 की बढ़ोत्तरी की गई। धारा 34 भादवि से संबंधित अभियुक्तगण राजेश कुमार उर्फ राजू, सोनू तिवारी, अंकित उर्फ कल्लू तिवारी व अशोक तिवारी को नरोत्तमपुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। अभियुक्तगण की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो अदद देशी तमंचे 315 बोर व 04 अदद जिन्दा कारतूस व 03 अदद खोखा कारतूस 315 बोर व घटना प्रयोग की मोटरसाइकिल उनके गांव कबीरपुर में ट्यूबवेल के पास गेहूँ के खेत से बरामद की गई। बरामदगी के आधार पर धारा आयुध अधिनियम की बढोतरी की गई। घटना में प्रयुक्त दोनों मोटरसाइकिलों को सीज किया गया। अभियुक्तगण के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है। पकड़े गये अभियुक्तों ने अपना जुर्म स्वीकार किया है। पकड़े गये अभियुक्तों को पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
अभियुक्तों ने बताया कि हमारे स्वर्गीय भाई/चाचा विष्णु की पत्नी लक्ष्मी उर्फ राजा ने जमीन के बंटवारे को लेकर हम लोगों को काफी परेशान कर रखा था, रोज पुलिस व उच्चाधिकारियो से शिकायत कर हम लोगों को परेशान करती रहती थी, इस बात से तंग आकर 18 मार्च 24 को रात्रि समय करीब 8.30 बजे सभी लोग इन्हीं दोनों मोटर साइकिलों से लक्ष्मी उर्फ राजा को जान मारने उसके घर मोहल्ला पढीन दरवाजा औरैया गये थे, जहां पर लक्ष्मी उर्फ राजा पास में ही अपनी बहन रुबी के घर पर बैठी थी तो हम लोगों यानी राजू उर्फ राजेश तिवारी व कल्लू उर्फ अंकित तिवारी ने तमन्चों से लक्ष्मी उर्फ राजा पर फायर किया और तुरन्त ही अपनी अपनी मोटर साइकिलों से फायर करते हुए वहां से भाग गये थे, पकडे़ जाने के डर से हम लोगों ने दोनों तमन्चे व बचे कारतूस अपने खेत में बने ट्यूबवेल के पास गेहूं के खेत में छिपा दिये थे । शनिवार को अभियुक्तगण पुलिस से बचने के लिए किसी दूसरे स्थान पर जा रहे थे कि पुलिस ने पकड़ लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील /सियाराम