[ad_1]

अगले सप्ताह शुरू होगी ग्रुप डी की भर्ती प्रक्रिया
चंडीगढ़, 13 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के ऐलान के कुछ घंटे बाद ही हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने ग्रुप डी की परीक्षा के लिए स्कोर जारी कर दिया है। प्रदेश में चार लाख दस हजार उम्मीदवारों ने यह परीक्षा पास की है। कर्मचारी आयोग ने शुक्रवार की रात 12 बजे स्कोर अपलोड किया है। शनिवार की सुबह प्रदेश के विद्यार्थियों ने विभाग की साइट पर अपने नंबर चेक किए।
ग्रुप डी के लिए सीईटी स्कोर के आधार पर भी भर्तियां होंगी। ऐसे में आयोग द्वारा 14 हजार 500 पदों के लिए अगले सप्ताह भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस श्रेणी के लिए विज्ञापित 13 हजार 656 पदों में से 5875 पद अनारक्षित, 2730 पद अनुसूचित जाति, 2183 पद बीसीए, 1504 पद बीसीबी और 1368 पद ईडब्ल्यूएस श्रेणी के हैं।
हरियाणा सरकार ने कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से पिछले साल ग्रुप डी के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। जिसके लिए 13 लाख 84 हजार 012 उम्मीदवारों ने पंजीकरण करवाया था। 21 व 22 अक्टूबर 2023 को आयोजित परीक्षा में आठ लाख 55 हजार 221 उम्मीदवारों ने भाग लिया। जिस समय यह परीक्षा ली गई उस समय 13 हजार 657 पदों को विज्ञापित किया गया था। जिनमें 13 हजार 104 कॉमन कैडर तथा 553 अन्य बोर्ड व निगमों के थे। बाद में इन पदों की संख्या बढ़ गई।
बीती रात घोषित परीक्षा परिणाम के अनुसार कुल चार लाख दस हजार उम्मीदवार पास हुए हैं। इनमें सामान्य श्रेणी के करीब दो लाख छह हजार उम्मीदवारों ने न्यूनतम पचास प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं। आरक्षित श्रेणी के डेढ़ लाख उम्मीदवारों ने न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/वीरेन्द्र
[ad_2]