[ad_1]
फतेहाबाद, 22 मार्च (हि.स.)। सिरसा लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि सिरसा लोकसभा क्षेत्र की जनता को भाजपा सरकार पर पूरा भरोसा है। पीएम मोदी की विकास की गारंटी पर जीत की मोहर जनता अवश्य लगाएगी। वे शुक्रवार को रतिया में फतेहाबाद व रतिया विधानसभा के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में लोकसभा चुनाव के कलस्टर प्रभारी राव नरवीर सिंह ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष बलदेव सिंह ग्रोहा ने की।
इस अवसर पर सिरसा लोकसभा के संयोजक आदित्य देवीलाल, रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा, फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम, जिला प्रभारी सुरेन्द्र आर्य, फतेहाबाद की पूर्व विधायक स्वतंत्र बाला चौधरी, विधानसभा प्रभारी रमेश मैहता, चेयरमैन प्रो. रविन्द्र बलियाला, चेयरमैन भारत भूषण मिड्ढ़ा, डेयरी एवं पशुपालन प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक राजपाल बैनीवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण जोड़ा, विस्तारक रमेश छिरंग ने भी बैठक को संबोधित किया।
राव नरवीर सिंह व डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि फतेहाबाद हलके का एक एक कार्यकर्ता भाजपा का सच्चा सिपाही है। पार्टी की सेवा में खुद को समर्पित रखने वाले भाजपा कार्यकर्ता आगामी लोकसभा चुनाव में जी तोड़ मेहनत कर सिरसा की सीट को विजयी बनाने में अहम योगदान निभाएं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि ‘इस बार 400 पार’ का नारे को सार्थक सिद्ध करने के लिए जी जान से मेहनत करें।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी का मूल आधार होते हैं। कार्यकर्ता ही जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने का काम करते हैं। अशोक तंवर ने कहा कि वह कई सालों से सिरसा लोकसभा क्षेत्र की जनता के बीच रहे हैं। उन्हें भाजपा की सेवा करने का जो सौभाग्य मिला है, वह इन्ही कार्यकर्ताओं की प्रेरणा से मिला है। इस दौरान राव नरवीर सिंह व डा. अशोक तंवर ने पीएम मोदी के 10 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों, योजनाओं व नीतियों के बारे में भी कार्यकर्ताओं को बताया।
हिन्दुस्थान समाचार/अर्जुन/संजीव