[ad_1]




-21 मार्च को पुलिसकर्मियों को झांसा देकर जिला अस्पताल के टॉयलेट से भागा था संभल निवासी आरोपित अजीत
मुरादाबाद, 24 मार्च (हि.स.)। तीन दिन पहले मुरादाबाद के जिला अस्पताल की दूसरी मंजिल से टॉयलेट का शीशा तोड़कर भागा बंदी अजीत अपने घर नहीं पहुंचा। पुलिस और एसओजी ने उसके घर दबिश दी और परिजनों से पूछताछ की। तब उन्होंने बताया कि अजीत यहां नहीं आया है। टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
जनपद संभल के रेवाड़ा निवासी अजीत को जुनावई थाने की पुलिस ने गत 5 मार्च को चाकू के साथ पकड़ा था। आरोपित को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया था। 19 मार्च को जिला कारागार में अजीत की हालत बिगड़ गई थी। चिकित्सकों का कहना है कि वह टीबी से ग्रस्त है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बीती 21 मार्च गुरुवार की सुबह साढ़े 8 बजे अजीत ने सुरक्षा कर्मी युद्धराज तोमर से टॉयलेट जाने की बात कही थी। युद्धराज ने अपने साथी जेल वार्डन दीपक को उसके साथ भेज दिया था। अजीत ने टॉयलेट के अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था और दीपक बाहर खड़ा रहा। इसी दौरान बंदी टॉयलेट की खिड़की के शीशे को तोड़कर भाग गया था। इसके बाद से पुलिस और एसओजी उसकी तलाश में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार/निमित जायसवाल
/सियाराम