[ad_1]
पटना, 11 मार्च (हि.स.)। बिहार विधान परिषद की 11 सीटों के लिए आठ उम्मीदवारों ने सोमवार को आखिरी दिन पर्चा दाखिल किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित तीन उम्मीदवार जदयू के खालिद अनवर और हम के अध्यक्ष एवं मंत्री संतोष सुमन पर्चा दाखिल कर चुके हैं।
महागठबंधन के पांच उम्मीदवारों ने सोमवार को पर्चा दाखिल किया। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की मौजूदगी में राबड़ी देवी, अब्दुलबारी सिद्दीकी, फैसल अली, उर्मिला ठाकुर और माले की शशि यादव ने नामांकन पत्र जमा किया। सबसे पहले पूर्व सीएम एवं परिषद में विपक्ष की नेता राबड़ी देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके बाद राजद के अब्दुलबारी सिद्दीकी, प्रदेश राजद प्रवक्ता डॉ. उर्मिला ठाकुर एवं राजद के फैसल अली ने नामांकन पर्चा भरा।
इनके अलावा माले की शशि यादव ने नामांकन पत्र दाखिल किया। एनडीए की ओर से भाजपा के तीन उम्मीदवारों ने नामांकन कराया। भाजपा के प्रत्याशी मंगल पांडेय, अनामिका सिंह एवं लाल मोहन गुप्ता ने भी नामांकन पत्र दाखिल किया।
हिन्दुस्थान समाचार/ चंदा/चंद्र प्रकाश