Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

फतेहाबाद, 3 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार के 10 वर्ष के शासन में आमजन को केवल आक्रोश ही मिला है। प्रदेश में बीजेपी-जेजेपी गठबंधन सरकार की गलत नीतियों के कारण आज नौजवान खासकर हमारी शिक्षित और काबिल बेटियां नौकरी के लिए ठोकरे खा रही है।
प्रदेश सरकार द्वारा चुनाव से पहले किए सभी वादे जुमले साबित हुए हैं। वह शनिवार को कुलां में कांग्रेस द्वारा आयोजित जन आक्रोश रैली को संबोधित कर रहे थे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता बलजिन्द्र सिंह ठरवी द्वारा आयोजित इस रैली में कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने भाजपा सरकार को जमकर आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ऐसी पहली सरकार है जिसने खेती पर टैक्स लगाया है।
सरकार किसानों को सम्मान निधि से प्रतिवर्ष 6 हजार रुपए देने का दावा कर रही है, लेकिन सरकार द्वारा लगाए जा रहे टैक्स से प्रति हेक्टेयर 25 हजार रुपए सालाना किसान की जेब पर बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में महंगाई चरम पर है। कांग्रेस सरकार के दौरान जो डीजल 56 रुपए लीटर होता था, आज वो 90 रुपए के आसपास है, वहीं पेट्रोल भी जो कांग्रेस शासन में 71 रुपए होता था वो आज 100 रुपए के आसपास पहुंच गया है।
सुरजेवाला ने कहा कि सरकार ने नौजवानों के भविष्य को मंडी में बोली लगा कर बेच दिया है। चपरासी से लेकर जज तक सभी के पेपर लीक कर मंडी में बेचे जा रहे हैं। ऐसा सरकार के संरक्षण के बगैर होना संभव नहीं है। दुष्यंत चौटाला पर जुबानी वार करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि चुनाव से पहले वो मुख्यमंत्री मनोहर लाल को यमुना पार कराने की बात कहते थे। ऐसा कर उन्होंने प्रदेश की जनता के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने अपने संबोधन में जनसभा में अपील की कि टोहाना की जनता साधारण किसान के बेटे बलजिंदर सिंह ठरवी को अपना आशीर्वाद दें।
हिन्दुस्थान समाचार/अर्जुन